मिथिला नगरी बनी बरसाना : जनकपुरी महोत्सव में राधाष्टमी पर भक्ति, संगीत और महारास की छटा
आगरा। कमला नगर स्थित फूल वाटिका कॉलोनी में जनकपुरी महिला समिति एवं फूल वाटिका महिला मंच के तत्वावधान में राधाष्टमी महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। आयोजन की ऐसी झलक देखने को मिली मानो मिथिला नगरी बरसाना में बदल गई हो।
भजन संध्या में भक्ति, संगीत और महारास का अद्भुत संगम देखने को मिला। बाँधनी और लहरिया परिधानों में सजी महिलाओं ने राधे-कृष्ण स्वरूपों के साथ डाँडिया और समूह नृत्य प्रस्तुत कर पूरे वातावरण को श्रद्धा और उल्लास से सराबोर कर दिया।
“सारी दुनिया है दीवानी राधा रानी आपकी”, “बरसाना बुला लीजिए राधा रानी कृपा कीजिए”, “नैना लड़ गए श्याम सलोने से”, “जा बैठे कौशल्या माँ की गोद रामचंद्र दूल्हा बने” जैसे भजनों पर महिलाओं ने भावपूर्ण नृत्य प्रस्तुत कर भक्तों को भावविभोर कर दिया।
कार्यक्रम में जनकपुरी महिला समिति की मुख्य संरक्षक रानी सुनयना श्रीमती अंजू अग्रवाल, संरक्षक मीरा अग्रवाल, अध्यक्ष सीमा अग्रवाल, सचिव प्रियंका अग्रवाल, वरिष्ठ उपाध्यक्ष चारु गर्ग, उपाध्यक्ष अंजू अग्रवाल, वंदना अग्रवाल, सोनिया शर्मा, इंद्रा अग्रवाल, रिचा मांगलिक, मोनिका अग्रवाल सहित समिति की सभी पदाधिकारिणियों का उल्लेखनीय योगदान रहा।
फूल वाटिका महिला मंच से सुनीता गोयल, रेनू अग्रवाल, ममता गोयल, भावना गोयल, वीना गोयल, शिल्पा गोयल, शिप्रा, पायल और शिवानी ने आयोजन को सफल बनाने में प्रमुख भूमिका निभाई। मंच संचालन शशि गोयल ने किया।