विधायक बाबूलाल ने डीआरएम को बताया निकम्मा अधिकारी, धर्मपाल ने कहा- ये बेस्ट अधिकारी
आगरा। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत आगरा के ईदगाह रेलवे स्टेशन पर आयोजित लोकार्पण कार्यक्रम उस समय विवादों की भेंट चढ़ गया जब भाजपा के फतेहपुर सीकरी से विधायक चौधरी बाबूलाल ने मंच से ही आगरा मंडल के डीआरएम तेज प्रकाश अग्रवाल को निकम्मा अधिकारी कह डाला। मंच पर मौजूद केंद्रीय राज्य मंत्री एसपी सिंह बघेल सहित भाजपा के अन्य नेता एक-दूसरे की ओर देखने लगे, लेकिन बाबूलाल का आक्रोश थमने का नाम नहीं ले रहा था। बाद में इसी मंच से एत्मादपुर के विधायक डॊ. धर्मपाल सिंह ने कहा- डीआरएम बेस्ट अधिकारी हैं।
-ईदगाह रेलवे स्टेशन के कार्यक्रम में डीआरएम पर बरसे भाजपा विधायक, मंच पर बैठे मंत्री और नेता रह गए हैरान
डीआरएम फोन तक नहीं उठाते, जमीनों पर करा रहे कब्ज़ा- बाबूलाल
कार्यक्रम के बाद मीडिया से बात करते हुए विधायक बाबूलाल ने डीआरएम पर रेलवे जमीन पर अवैध कब्ज़ों को बढ़ावा देने का गंभीर आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कई रेलवे की कई जगहों पर अवैध कब्जों के बारे में डीआरएम को बताया है। कई बार शिकायत करने के बावजूद न तो कार्रवाई हुई और न ही अधिकारी ने जवाब देना जरूरी समझा। अब तो डीआरएम उनका फोन भी नहीं उठाते।
बाबूलाल ने दो टूक कहा कि ऐसे अधिकारी रहेंगे तो विकास कैसे होगा? इन्हें न सांसद का पता है, न विधायक का। आगरा में ऐसे अफसरों की कोई जगह नहीं होनी चाहिए।
विधायक धर्मपाल बोले- डीआरएम बेस्ट अधिकारी
जहां एक ओर विधायक बाबूलाल का गुस्सा डीआरएम पर साफ दिखा, वहीं एत्मादपुर के भाजपा विधायक धर्मपाल सिंह ने मंच से ही उनका बचाव करते हुए कहा, मेरे क्षेत्र में डीआरएम ने शानदार विकास कार्य कराए हैं। आगरा के लिए इनसे बेहतर अधिकारी नहीं हो सकता।
इस तरह मंच पर एक अधिकारी को लेकर भाजपा के दो विधायकों के बीच सीधा टकराव सामने आया।