आगरा के परशुराम चौक की घटना में विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल ने पुलिस से मांगी कार्रवाई

आगरा के परशुराम चौक पर हुई अमर्यादित घटना को लेकर सियासी और सामाजिक प्रतिक्रिया तेज हो गई है। विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल ने पुलिस आयुक्त से बात कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग उठाई है।

Apr 16, 2026 - 20:27
 0
आगरा के परशुराम चौक की घटना में विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल ने पुलिस से मांगी कार्रवाई

आगरा। शहर में आवास विकास कॊलोनी स्थित भगवान परशुराम चौक पर हुई निंदनीय घटना के मामले में क्षेत्रीय विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल ने कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में शहर का माहौल बिगाड़ने की कोशिशों वाली ऐसी घटनाओं पर पूरी तरह लगाम लगाई जा सके।

विधायक श्री खंडेलवाल ने इस मामले में पुलिस आयुक्त दीपक कुमार से बात की और कहा कि आगरा आस्था और आपसी सौहार्द की भूमि है। यहां सभी वर्गों के लोग अपने-अपने इष्ट और महापुरुषों के प्रति श्रद्धा के साथ आयोजन करते हैं।

उन्होंने कहा कि बीते मंगलवार को कुछ अवांछनीय तत्वों ने परशुराम चौक जिस तरह की अमर्यादित हरकत की, वह सर्वथा निंदनीय है और पुलिस प्रशासन इसके दोषियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करे ताकि भविष्य में कोई भी ऐसी हरकत कर शहर के सामाजिक सद्भाव को खराब करने का दुस्साहस न कर सके।

उन्होंने कहा कि इस प्रकार की घटनाएं न केवल सामाजिक सौहार्द को आहत करती हैं, बल्कि धार्मिक भावनाओं को भी ठेस पहुंचाती हैं। ऐसे में प्रशासन की जिम्मेदारी और बढ़ जाती है कि वह त्वरित कार्रवाई कर कानून-व्यवस्था को सख्ती से बनाए रखे।

SP_Singh AURGURU Editor