एसएन मेडिकल कॉलेज में शुरू हुई आधुनिक बर्न यूनिट, पहले ही दिन पहुंचे दो मरीज
आगरा। सरोजिनी नायडू मेडिकल कॉलेज (एसएन) की अत्याधुनिक बर्न यूनिट बुधवार से पूरी तरह शुरू हो गई। पहले ही दिन दो मरीज भर्ती किए गए। 26 बेड की यह इकाई न केवल आगरा बल्कि फिरोजाबाद, मैनपुरी, मथुरा, धौलपुर जैसे आसपास के जिलों के लिए भी बड़ी राहत बनकर आई है। अब झुलसे हुए मरीजों को इलाज के लिए दिल्ली या लखनऊ जैसे बड़े शहरों में भटकने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
Top of Form
Bottom of Form
Bottom of Form
-अब आगरा व आसपास के जिलों के झुलसे मरीजों को मिलेगा तत्काल इलाज, नहीं भटकना पड़ेगा बाहर
प्राचार्य डॉ. प्रशांत गुप्ता ने बताया कि यूनिट में एंटी-बैक्टीरियल वार्ड और सेंट्रलाइज्ड एसी युक्त आईसीयू की सुविधा उपलब्ध है। पुरुषों व महिलाओं के लिए 10-10 बेड के अलग वार्ड बनाए गए हैं। आईसीयू में छह बेड हैं और इसमें भी पूरी तरह सेंट्रलाइज्ड एसी व्यवस्था है।
उन्होंने बताया कि बर्न यूनिट में एक मेजर और एक माइनर ऑपरेशन थिएटर भी बनाए गए हैं। यह दोनों थिएटर भी आधुनिकतम सुविधाओं से लैस हैं। डॉ. गुप्ता ने कहा कि यह शुरुआत है, समय के साथ यूनिट को और भी उन्नत किया जाएगा, जिससे मरीजों को और बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
बर्न यूनिट का संचालन डॉ. दीपशिखा (प्रभारी), डॉ. प्रणय सिंह चकोटिया और डॉ. पुनीत कुमार भारद्वाज की देखरेख में किया जाएगा। तीनों प्लास्टिक सर्जन की विशेषज्ञ टीम यहां झुलसे हुए मरीजों का इलाज करेगी।