मोदी कुर्ता बना फैशन आइकनः ऑटम-विन्टर फेयर में भारतीय परिधान और डिज़ाइनों की बिखरी छटा
आगरा। आगरा रेडीमेड गारमेंट्स एसोसिएशन द्वारा आयोजित तीन दिवसीय ऑटम विन्टर कलेक्शन फेयर 2025 का आगाज रविवार को होटल भावना क्लार्क्स कैलाशपुरी रोड पर हुआ। फैशन के इस भव्य आयोजन में हॉफ स्लीव पॊकेट वाले मोदी कुर्ते और पारंपरिक मोदी कोटी की लोकप्रियता ने सभी का ध्यान आकर्षित किया। सफेद के साथ-साथ विभिन्न रंगों में यह परिधान युवा से बुजुर्गों तक की पहली पसंद बने हुए हैं।
फेयर का उद्घाटन प्रदेश के होमगार्ड मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मवीर प्रजापति ने विध्न विनाशक श्रीगणेश की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया। उन्होंने प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए कहा कि यह आयोजन आगरा के व्यापार को नई दिशा देने वाला साबित होगा। उन्होंने आश्वस्त किया कि व्यापारियों की अपेक्षाएं मुख्यमंत्री तक पहुंचाई जाएंगी।
प्रदर्शनी में भारतीय संस्कृति और फैशन का मेल
प्रदर्शनी में बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों के लिए रंग-बिरंगे परिधानों की रेंज दिखाई दी। भारतीय कला, हस्तशिल्प और आधुनिक डिजाइनों का आकर्षक समावेश इस आयोजन की विशेषता रहा। 60 स्टॉलों पर देश के प्रमुख मैन्युफैक्चरर्स- दिल्ली, मुम्बई, लुधियाना, इंदौर, जबलपुर, कोलकाता, गुजरात, बैंगलुरू आदि से ने अपने नवीनतम कलेक्शन प्रस्तुत किए।
आयोजन समिति के अध्यक्ष सुनील जैन, सचिव गौरव जैन, कोषाध्यक्ष शैलेष खंडेलवाल, संरक्षक डीके भसीन सहित टीम के सदस्यों ने बताया कि यह फेयर रिटेल व्यापारियों को आने वाले सीजन की दिशा समझने और ऑर्डर बुकिंग का सशक्त प्लेटफॉर्म प्रदान करता है।
पहले दिन 100 से अधिक व्यापारियों ने की विज़िट और ऑर्डर बुकिंग
आगरा, अलीगढ़, मथुरा, ग्वालियर, फिरोजाबाद, धौलपुर, एटा आदि क्षेत्रों से आए 100 से अधिक व्यापारियों ने पहले ही दिन बड़ी मात्रा में ऑर्डर दिए। आयोजकों का अनुमान है कि तीन दिन की इस प्रदर्शनी में करोड़ों रुपये के व्यापार की सम्भावना है।
समापन 23 जुलाई को होगा
फेयर का समापन 23 जुलाई को दोपहर 3 बजे उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष गिर्राज अग्रवाल द्वारा किया जाएगा। इस अवसर पर व्यापार जगत की कई जानी-मानी हस्तियां मौजूद रहेंगी।
इनकी रही उपस्थिति
इस मौके पर डीके भसीन, सुनील जैन, शैलेष खंडेलवाल, गौरव जैन, सौरभ भसीन, संजय जैन, दीपक पिपलानी, अमित अग्रवाल, पंकज अग्रवाल, गोपाल जदवानी, विजय मेहता, उदित खंडेलवाल, राकेश अग्रवाल, शुभम जैन, सुधांशु, राजेश मनशानी समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।