खंदौली में सूदखोरों का तांडव: 50 हजार के इलाज़ी कर्ज़ पर दो लाख ब्याज चुकाने के बावजूद दस लाख की मांग, युवक को हॉकी-सरिया से बेरहमी से पीटा
खंदौली (आगरा)। इलाज के लिए लिया गया छोटा-सा कर्ज बढ़ता ही जा रहा है। खंदौली कस्बे में सूदखोरों ने खुलेआम तांडव मचाते हुए एक युवक पर हॉकी, सरिया और डंडों से जानलेवा हमला कर दिया। घटना के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। खंदौली थाने में तहरीर भी दी गई है।

युवक साकिब (दाएं) जिस पर हमला किया गया।
खंदौली थाना क्षेत्र के व्यापारी मोहल्ला में अवैध ब्याज वसूली के दबाव में दर्जन भर से अधिक लोगों ने एक युवक को बेरहमी से पीटा। पीड़ित का आरोप है कि 50 हजार रुपये के कर्ज के बदले दो लाख रुपये ब्याज चुकाने के बावजूद सूदखोर अब दस लाख रुपये की मांग कर रहे थे।
खंदौली के व्यापारी मोहल्ला निवासी साकिब पुत्र इसरार ने थाना खंदौली में दी गई तहरीर में बताया कि विगत दिवस उसके घर के पास प्रधान राजकुमार, दशरथ, भूरा, ननका पुत्रगण फौरन सिंह, कपिल पुत्र ननका उर्फ नेमी चंद्र, कौशल पुत्र राजकुमार, विष्णु पुत्र राजकुमार, रमाशंकर पुत्र रामबाबू, भूरा पुत्र जीवन लाल निवासी खंदौली एक साथ पहुंचे।
आरोप है कि सभी हमलावरों ने साकिब को जमीन पर गिराकर हॉकी, सरिया और डंडों से ताबड़तोड़ हमला किया, जिससे उसके पैरों में गंभीर चोटें आईं। पीड़ित का कहना है कि हमलावर उसके ताऊ शकील से ब्याज के नाम पर दस लाख रुपये मांग रहे थे।
पीड़ित के अनुसार, ताऊ शकील ने इलाज के लिए केवल 50 हजार रुपये प्रधान राजकुमार के भाई दशरथ से उधार लिए थे। इसके बदले 15 रुपये प्रति सैकड़ा की दर से न सिर्फ पूरा मूलधन बल्कि करीब दो लाख रुपये ब्याज भी चुका दिया गया। इसके बावजूद दशरथ और उसके साथी लगातार घर आकर गाली-गलौज और धमकी देते आ रहे हैं।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई। पीड़ित की शिकायत पर अवैध ब्याज वसूली और मारपीट के आरोप में कई लोगों को नामजद किया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।