22 खेलों में दमखम दिखाएंगे 15 हजार से अधिक खिलाड़ी, मून स्कूल ओलंपिक 09 नवंबर से
आगरा। मून स्कूल ओलंपिक नौ से 15 नवंबर तक एकलव्य स्पोर्टस स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा। ओलंपिक समिति की अध्यक्ष बीना लवानियां ने बताया कि रिया अस्थाना फाउंडेशन द्वारा प्रस्तुत मून ओलंपिक को इस वर्ष भी उत्तर प्रदेश खेल निदेशालय, उत्तर प्रदेश ओलंपिक एसोसिएशन व आगरा ओलंपिक एसोसिएशन का सहयोग रहेगा। होस्ट पार्टनर के रूप में दिल्ली पब्लिक स्कूल ताज सिटी को खेलों के संचालन की जिम्मेदारी दी गई है। पावर्ड बाई पार्टनर इंडियन आयल व डा. एमपीएस स्कूल व मीडिया पार्टनर अमर उजाला हैं।
आयोजन सचिव उमेश शर्मा ने बताया कि आयोजन समिति के मुख्य संरक्षक डा.विजय किशोर बंसल व प्रदेश के खेल निदेशालय के निदेशक डा.आरपी सिंह हैं। संस्थापक संरक्षक नजीर अहमद, चेयरमेन रजत अस्थाना, मुख्य संयोजक हरीश सिंह बनाए गए हैं। रिसेप्शन कमेटी के चेयरमेन डा. आरके पांडेय व विनोद सितलानी व सहसंयोजक विश्वनिधि मिश्रा, मनीष तिवारी व राजकुमार सेठ बनाए गए हैं।
चेयरमेन रजत सक्सेना ने बताया कि इस वर्ष बालक बालिका वर्ग में 22 खेलों का आयोजन किया जा रहा है। इन खेलों में 15 हजार से अधिक प्रतिभागी हिस्सा लेंगे। इस बार योगा तथा फेंसिंग को भी शामिल किया गया है। सेपक-टाकरा व पिठ्ठू डिमास्ट्रेशन खेल के रूप में शामिल होंगे।
संरक्षक विजय किशोर बंसल ने बताया कि किसी भी खिलाड़ी अथवा विद्यालय से कोई प्रविष्टि फीस नहीं ली जाएगी। नजीर अहमद ने बताया खेलों का शुभंकर व एंथम भी तैयार किया जा रहा है। जिसका अनावरण 29 अक्टूबर को दिल्ली पब्लिक स्कूल में किया जाएगा।
जिला ओलंपिक संघ के सचिव राहुल पालीवाल व मून टीवी के निदेशक राजीव दीक्षित ने बताया कि ओलंपिक में प्रतिभाग करने के लिए प्रविष्टि फार्म सभी विद्यालयों को पहुंचाए जा रहे हैं। यदि किसी को यह फार्म न प्राप्त हुए हों तो मून टीवी के कार्यालय 134 मानस नगर से प्राप्त किए जा सकते हैं। प्रविष्टि की अंतिम तिथि 10 अक्टूबर है।
प्रेसवार्ता में इंडियन आयल के डीजीएम एम देवेश कुमार व डा एमपीएस ग्रुप के चेयरमेन स्क्वार्डन लीडर एके सिंह उपस्थित थे।