पिकअप बायज की हेराफेरी के और भी मामले आ रहे सामने

आगरा। आनलाइन शापिंग में कंपनियों के माल में हेरफेर के और भी मामले सामने आ रहे हैं। रोहिल पालीमर्स और आर्यमन फुटवियर का मामला तो सामने आ ही चुका है। अब थाना सदर के दो मामले और सामने आए हैं। कुछ ऐसे मामले भी हैं जिनमें पिकअप बायज और कूरियर पार्टनर्स द्वारा की गई धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई हैं। 

Oct 27, 2024 - 13:04
 0
पिकअप बायज की हेराफेरी के और भी मामले आ रहे सामने

एक बात साफ है कि आगरा के जूता उद्यमियों के माल में हेराफेरी के ये सारे मामले उन्हीं लोगों द्वारा किए गए हैं जो फैक्ट्रियों से माल उठाकर आनलाइन कंपनियों के हब तक पहुंचाते थे। 

इसका खुलासा तब हुआ जब रोहिल पालीमर्स के मालिक रोहिल अग्रवाल ने अपने स्तर से जासूसी कर इस गिरोह के गोदाम की पहचान की। बाद में पुलिस ने छापा मारा था। पिकअप बायज और कूरियर पार्टनर्स की मिलीभगत से कंपनी के अच्छी क्वालिटी के जूते निकालकर पुराने या घटिया जूते उन्हीं डिब्बों में पैक कर दिए जाते थे। 

घटिया क्वालिटी का माल ग्राहक पर पहुंचने पर वे आनलाइन कंपनी से शिकायत करते और आनलाइन कंपनियां माल भेजने वाली कंपनी पर जुर्माना लगा देती थीं। इससे जूता बनाने वाली कंपनियों को आर्थिक हानि के साथ उनकी साख भी खराब हो रही थी। 

जो नया मामला सामने आ रहा है, वह नामनेर निवासी लोकेश कुमार का है। उनके साथ भी इसी तरह की धोखाधड़ी होती आ रही थी। लोकेश की आरके एंटरप्राइजेज के नाम से शू फर्म है, जिससे वे आनलाइन व्यापार करते हैं। महर्षिपुरम (सिकंदरा) निवासी कपिल राठौर आनलाइन आए फ्लिपकार्ट के आर्डर्स को फ्लिपकार्ट के वेंडर हब लाने और ले जाने का काम करता है। 

वापसी का माल गायब हो रहा था

थाना सदर बाजार में दर्ज कराई रिपोर्ट में लोकेश ने बताया कि काफी दिनों से उन्हें वापसी वाला माल प्राप्त नहीं हो रहा था। माल गायब करने का शक कपिल राठौर पर था। विगत 2 अगस्त 24 को उनके जूते के 32 पैकेट वापस आए थे, जिसमें से मात्र 19 शू पैकेट वापस मिले। शेष 13 पैकेट नहीं मिले। 

लोकेश कुमार ने विगत 8 अगस्त को कपिल राठौर को टैंक चौराहा कैंटीन के पास से अपने चोरी हुए माल के 13 पैकेट के साथ पकड़ लिया। कपिल राठौर फ्लिपकार्ट वेंडर नीरज के यहां काम करता है तथा अर्जुन नगर के रहने वाले सेलर मैसर्स गतिमान के पास उसके गायब किए हुए माल को बेचता था। पुलिस ने लोकेश की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। 

गोदाम से चोरी हो रहे थे जूते

225, डिफेंस एस्टेट फेस 2 में स्थित वाधवा शू कंपनी के तो गोदाम से ही माल निरंतर चोरी हो रहा था। हालांकि यह मामला  पुराना है। सतेंद्र सिंह द्वारा थाना सदर में दर्ज कराई गई रिपोर्ट के अनुसार कुछ समय से गोदाम में चोरी की शिकायत मिल रही थी। उन्होंने अपने स्तर पर जांच कराई और ठोस जानकारी के आधार पर अपने गोदाम से चोरी हुए माल के साथ चार लड़कों को प्रतापपुरा चौराहे से दबोच लिया। 

गाड़ी में मिले थे जूते के 175 पैकेट

ये लोग यूपी80जीटी 3514 नंबर की गाड़ी में चोरी का माल रखे हुए थे। गाड़ी खुलवाकर चेक की तो आठ बंडलों में करीब 175 पैकेट शू के मिले। ये शू पैकेट टीवाक,एचआई आरईएल, वेलींटीनो, ब्रावो जैसी नामचीन कंपनियों के थे। कुछ अन्य फर्म के भी पैकेट गाड़ी में मिले। चोरी के साथ पकड़े गए लोगों के नाम विशाल, आमिर, दीपक, राम किशन हैं। ये लोग गाड़ी मालिक रितिक उपाध्याय के गोदाम पर माल ले जाते थे। 

SP_Singh AURGURU Editor