दिल्ली में आंधी-बारिश से मां और तीन बच्चों की मौत, बिजली गिरने से कुल 12 की गई जान

नई दिल्ली/लखनऊ/रायपुर। दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर भारत में बदले मौसम का मंजर जानलेवा साबित हो रहा है। अब तक 12 लोगों के मरने की खबरें सामने आ चुकी हैं। शुक्रवार सुबह दिल्ली में आई तेज आंधी और मूसलाधार बारिश के कारण द्वारका जिले के खड़खड़ी नहर गांव में दर्दनाक हादसा हुआ। एक ट्यूबवेल के कमरे पर पेड़ गिरने से उसकी छत ढह गई और मलबे में दबकर एक महिला और उसके तीन मासूम बच्चों की मौत हो गई।

May 2, 2025 - 10:49
 0
दिल्ली में आंधी-बारिश से मां और तीन बच्चों की मौत, बिजली गिरने से कुल 12 की गई जान
आंधी-बारिश के दौरान दिल्ली के एक गांव में कमरे पर गिरा वह पेड़ जिसमें एक महिला और उसके तीन बच्चों की मौत हो गई।

हादसे में महिला के पति अजय गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। यह दुर्घटना उस समय हुई जब परिवार खेत पर बने कमरे में ठहरा हुआ था। नीम का भारी-भरकम पेड़ तेज हवाओं की वजह से कमरे पर गिरा, जिससे पूरा ढांचा ढह गया।

हादसे का दर्दनाक मंजर

दिल्ली पुलिस के मुताबिक शुक्रवार सुबह 5:26 बजे पीसीआर कॉल के जरिए सूचना मिली कि जाफरपुर कलां के पास एक कमरे की छत गिर गई है। तुरंत फायर ब्रिगेड और राहत दल मौके पर पहुंचे। मलबे में दबे लोगों को निकाल कर पास के आरटीआर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने महिला ज्योति (26) और उसके तीन बच्चों को मृत घोषित कर दिया। पति अजय की हालत नाजुक है।

उत्तर प्रदेश और छत्तीसगढ़ में भी मौतें

दिल्ली के साथ-साथ उत्तर प्रदेश और छत्तीसगढ़ में भी खराब मौसम ने कहर बरपाया है। उत्तर प्रदेश के बस्ती और गोरखपुर जिलों में आकाशीय बिजली गिरने से 4 लोगों की मौत होने की खबर है जबकि छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव, कांकेर और महासमुंद जिलों से भी बिजली गिरने से मौतों की खबरें सामने आई हैं।

मौसम विभाग ने आगामी 48 घंटों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है और लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहें।मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, इस समय उत्तर भारत में वेस्टर्न डिस्टर्बेंस और बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी के चलते तेज हवाएं, बिजली कड़कने और बारिश की तीव्र घटनाएं हो रही हैं। यह सिलसिला आने वाले कुछ दिनों तक जारी रह सकता है।

SP_Singh AURGURU Editor