आगरा में चलती अर्टिगा बनी आग का गोला, आधे घंटे तक जाम, लोगों में दहशत

आगरा। थाना लोहामंडी क्षेत्र के राजा मंडी के पास देर रात उस समय हड़कंप मच गया, जब तेज रफ्तार से जा रही अर्टिगा कार अचानक आग का गोला बन गई। आग इतनी भयावह थी कि आधे घंटे तक ट्रैफिक रोकना पड़ा। फायर ब्रिगेड की टीम ने मशक्कत कर आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जल चुकी थी। गनीमत रही कि कार सवार लोग समय रहते कूदकर बाहर निकल आए और बड़ा हादसा टल गया।

Sep 13, 2025 - 12:01
 0
आगरा में चलती अर्टिगा बनी आग का गोला, आधे घंटे तक जाम, लोगों में दहशत
आगरा के राजामंडी क्षेत्र में शुक्रवार-शनिवार की रात आग लगने के बाद धू-धू कर जलती कार।

चलते-चलते भभक उठी कार

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक देर रात एमजी रोड पर सेंट जॊन्स- राजामंडी के बीच पास अचानक अर्टिगा कार से धुआं उठने लगा और कुछ ही पलों में उसमें आग भड़क उठी। कार में सवार लोग तुरंत बाहर कूद गए और साइड में जाकर खड़े हो गए। देर रात का समय होने और बाजार बंद रहने के कारण कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ।

कार में आग लगते ही आसपास अफरातफरी मच गई। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी। थोड़ी ही देर में दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया।

आधे घंटे बाद बुझी आग, जाम में फंसे लोग

आग इतनी भीषण थी कि फायर ब्रिगेड को आग बुझाने में पूरे आधे घंटे तक कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। इस दौरान दोनों तरफ का ट्रैफिक रोक दिया गया और लंबा जाम लग गया। पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालने में जुट गई।

मेट्रो कार्य से और बढ़ी मुश्किलें

जहां आग लगी वहां पास ही मेट्रो का काम चल रहा है। बैरिकेडिंग होने की वजह से पुलिस और दमकल कर्मियों को अतिरिक्त परेशानी उठानी पड़ी। आग बुझने के बाद पुलिस ने जाम खुलवाया और आवागमन बहाल कराया।

प्रारंभिक जांच में कार में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। फिलहाल पुलिस कार मालिक और घटना से जुड़ी जानकारी जुटा रही है।

SP_Singh AURGURU Editor