गांव चलो अभियान में सांसद चाहर ने मोदी सरकार की गिनाई उपलब्धियां
आगरा। भारतीय जनता पार्टी के स्थापना दिवस के तहत ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के ब्लाक अकोला के दलित बहुल धनौली में गांव चलो अभियान के तहत ग्रामीणों के बीच भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं फतेहपुरसीकरी के सांसद राजकुमार चाहर ने प्रधानमंत्री मोदी सरकार के 11 वर्षों की उपलब्धियां गिनाईं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विदेश नीति और आर्थिक मोर्चे पर देश आगे की तरफ अनवरत बढ़ रहा है। केंद्र और राज्य सरकार की विकास नीति देश के प्रत्येक वर्ग के व्यक्ति के हित में है। विपक्ष पूरे प्रदेश में भ्रम फैला कर सच्चाई को दबाना चाहता है। वह चाहता है कि क्षेत्र के साथ- साथ वहां लोगों का मानसिक और आर्थिक विकास न हो। वे डर में रहकर अपनी तरक्की के पथ से हट जाएं।
सांसद चाहर ने कहा बाबा साहब डॉ भीमराव अंबेडकर ने संविधान बनाया ओर उन्होंने अनुसूचित जाति, पिछड़े वर्ग, वंचित,शोषित की लड़ाई को लड़ा। बाबा साहब ने अपना पूरा जीवन उन वर्गों के लिए लगाया, जो वर्ग बहुत पिछड़ गए थे। उन्होंने उनके हक और अधिकार की लड़ाई लड़ी। कांग्रेस ने दिल्ली में बाबा साहब डॉ. अम्बेडकर के अंतिम संस्कार के लिए 5 वर्ग गज तक जगह नहीं दी थी।
सांसद चाहर ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने 60 साल के शासन काल में जहां बाबा साहब का जहां जन्म हुआ, जहां पढ़ाई की, जहां उन्होंने अंतिम सांस ली, इन सभी जगहों पर कांग्रेस पार्टी ने 60 साल में कभी कहीं एक ईंट लगाने का कार्य नहीं किया। जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपनी सरकार में उनके स्थानों पर कॉलेज, भवन, हॉस्पिटल, संग्रहालय आदि बनवाने का कार्य किया है। सांसद चाहर ने विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों से संवाद भी किया।
इस दौरान पूर्व विधायक कालीचरण सुमन, उपेंद्र सिंह, हीरा सिंह, लाल सिंह लोधी, मंडल अध्यक्ष फ़ौरन सिंह, प्रधान उमा कुमारी, निहाल सिंह भोले, महाराज सिंह राजपूत, बदन सिंह, राधा तोमर आदि मौजूद रहे।