आगरा में मगरमच्छ से पिता को बचाने वाले वीर बालक अजयराज का सांसद चाहर ने किया सम्मान, 51 हजार रुपये की धनराशि भी भेंट की

आगरा। फतेहपुर सीकरी क्षेत्र के सांसद राज कुमार चाहर ने अपने संसदीय क्षेत्र के बासौनी क्षेत्र के झरनापुरा गांव पहुंचकर बहादुर बालक अजयराज को सम्मानित किया। हाल ही में राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु द्वारा सम्मानित किए गए अजयराज के घर पहुंचकर सांसद ने न केवल उसे गोद में उठाकर दुलार किया, बल्कि उसकी बहादुरी के लिए सम्मान स्वरूप 51 हजार रुपये की धनराशि भी भेंट की।

Dec 27, 2025 - 21:16
 0
आगरा में मगरमच्छ से पिता को बचाने वाले वीर बालक अजयराज का सांसद चाहर ने किया सम्मान, 51 हजार रुपये की धनराशि भी भेंट की
बासौनी क्षेत्र के झरनापुरा गांव में शनिवार को वीर बालक अजयराज के साथ सांसद राज कुमार चाहर। चित्र में पूर्व विधायक जितेंद्र वर्मा भी मौजूद हैं।

अजयराज वही साहसी बालक है, जिसने विगत जुलाई माह में चंबल नदी में मगरमच्छ के जबड़े से अपने पिता वीरभान को मौत के मुंह से बाहर खींच लिया था। उस समय वीरभान चंबल नदी से पानी ले रहे थे, तभी मगरमच्छ ने उनका पैर अपने जबड़े में जकड़ लिया और उन्हें पानी में खींचने लगा। नदी किनारे मौजूद अजयराज ने बिना घबराए तुरंत एक डंडा उठाया और नदी में उतरकर मगरमच्छ पर ताबड़तोड़ वार शुरू कर दिए। बालक की साहसिक कार्रवाई से घबराकर मगरमच्छ ने वीरभान का पैर छोड़ दिया, जिससे उनका जीवन बच सका।

शनिवार को गांव पहुंचे सांसद राज कुमार चाहर ने अजयराज और उसके परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने बालक को गोद में उठाकर उसकी बहादुरी की सराहना की और कहा कि इतनी कम उम्र में दिखाया गया साहस पूरे क्षेत्र के लिए गर्व की बात है। सांसद ने सम्मान के रूप में 51 हजार रुपये की सहायता राशि भी प्रदान की।

इस दौरान अजयराज की समझदारी की एक और मिसाल सामने आई। बालक ने सांसद से अपने गांव में सड़क बनवाने और स्ट्रीट लाइटें लगवाने की मांग रखी। सांसद राज कुमार चाहर ने अजयराज को भरोसा दिलाया कि दोनों कार्य शीघ्र कराए जाएंगे।

सांसद ने कहा कि यह स्वर्णिम और गौरव के क्षण हैं। छोटे से झरनापुरा गांव के इस बालक ने मगरमच्छ से भिड़कर अपने पिता का जीवन बचाया। राष्ट्रपति द्वारा साहस पुरस्कार मिलना पूरे क्षेत्र के लिए सम्मान की बात है। उन्होंने यह भी कहा कि बाह क्षेत्र के जिन गांवों में सड़कें नहीं बनी हैं, वहां प्राथमिकता के आधार पर सड़क निर्माण कराया जाएगा और कोई भी गांव सड़क सुविधा से वंचित नहीं रहेगा।

SP_Singh AURGURU Editor