एक्सप्रेस-वे पर कोहरे के दौरान यातायात प्रतिबंधित हो, सांसद नवीन जैन ने पीएम से की अपील
आगरा। देश में सर्दियों के मौसम के साथ बढ़ते सड़क हादसों पर गहरी चिंता जताते हुए राज्यसभा सांसद नवीन जैन ने कोहरे के दौरान देशभर के एक्सप्रेस-वे पर यातायात को पूर्ण रूप से प्रतिबंधित किए जाने की मांग की है। इस संबंध में उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एक मार्मिक और संवेदनशील पत्र लिखकर त्वरित एवं कठोर निर्णय लेने का आग्रह किया है।
पत्र में सांसद नवीन जैन ने उल्लेख किया कि प्रत्येक वर्ष शीत ऋतु में घने कोहरे के कारण विशेष रूप से एक्सप्रेस-वे पर सैकड़ों भीषण सड़क दुर्घटनाएं होती हैं। इन हादसों में हजारों लोग गंभीर रूप से घायल होते हैं और कई लोगों की असमय मृत्यु हो जाती है। इससे न केवल जान-माल की अपूरणीय क्षति होती है, बल्कि असंख्य परिवार पूरी तरह तबाह हो जाते हैं।
सांसद ने 16 दिसंबर 2025 को मथुरा के बलदेव क्षेत्र में शून्य दृश्यता के कारण हुए दर्दनाक सड़क हादसे का हवाला देते हुए कहा कि यह दुर्घटना पूरे देश को झकझोर देने वाली है। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाएं कोई अपवाद नहीं, बल्कि लगातार दोहराया जा रहा भयावह सच हैं।
पत्र में यह भी सुझाव दिया गया है कि मौसम विभाग से कोहरे की सटीक जानकारी प्राप्त होने के बाद संभावित 5 से 7 घंटे तक देश के सभी एक्सप्रेस-वे पर यातायात पूरी तरह बंद कर दिया जाना चाहिए, ताकि किसी भी प्रकार की अनहोनी को रोका जा सके।
नवीन जैन ने लिखा कि अक्सर माता-पिता अपने बच्चों को कोहरे में यात्रा न करने की सलाह देते हैं, लेकिन कई बार युवा उनकी बातों को नजरअंदाज कर देते हैं, जिससे लापरवाही जानलेवा साबित होती है। ऐसे में केवल सलाह नहीं, बल्कि प्रशासनिक स्तर पर सख्त निर्णय ही दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगा सकता है।
सांसद ने अपने पत्र में स्पष्ट शब्दों में कहा कि जब तक कोहरे के दौरान यातायात पर पूर्ण प्रतिबंध नहीं लगाया जाएगा, तब तक सड़क हादसों पर प्रभावी विराम संभव नहीं है। उन्होंने लिखा कि जान है तो जहान है, इसी मूलमंत्र को आधार बनाकर सरकार को कठोर और साहसिक कदम उठाने चाहिए।
पत्र के अंत में सांसद नवीन जैन ने इस विषय को अत्यंत संवेदनशील बताते हुए कहा कि यदि सरकार इस दिशा में शीघ्र निर्णय लेती है, तो इससे लाखों लोगों की जान सुरक्षित होगी और देशभर के माता-पिता निश्चिंत होकर सरकार को आशीर्वाद देंगे।
Top of Form