आगरा से हरिद्वार के लिए सीधी नई ट्रेन के लिए सांसद नवीन जैन ने रेल मंत्री को भेजा पत्र
आगरा क्षेत्र के यात्रियों की वर्षों पुरानी जरूरत को देखते हुए राज्यसभा सांसद नवीन जैन ने केंद्र सरकार से आगरा–हाथरस–अलीगढ़–खुर्जा–बुलंदशहर–हापुड़–मेरठ–मुजफ्फरनगर–हरिद्वार रूट पर नई रेल सेवा शुरू करने की मांग की है। सांसद ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखकर कहा कि इस मार्ग पर रेल सुविधा न होने से यात्री सड़क मार्ग पर निर्भर हैं, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा और प्रदूषण दोनों बढ़ता है।
राज्यसभा सांसद ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को भेजे अपने पत्र में कहा कि आगरा से हरिद्वार तक जाने के लिए यात्रियों को किसी सीधी रेलगाड़ी का विकल्प नहीं मिलता। हाथरस, अलीगढ़, खुर्जा, बुलंदशहर और हापुड़ जैसे बड़े शहर सीधे रेल रूट से जुड़ने की मांग लंबे समय से की जा रही है। सड़क मार्ग पर बढ़ता दबाव यात्रियों की सुरक्षा, समय और खर्च तीनों पर भारी पड़ता है।
सांसद ने पत्र में यह भी उल्लेख किया कि मथुरा–दिल्ली रूट पर किसी भी प्रकार के अवरोध या आकस्मिक कार्य होने पर हरिद्वार जाने वाली ट्रेनें भी आगरा–एत्मादपुर–हाथरस मार्ग से ही डायवर्ट की जाती हैं। इससे यह साबित होता है कि यह रूट रेलवे संचालन के लिए पूरी तरह सक्षम है और नियमित ट्रेन सेवा भी चल सकती है।
नवीन जैन ने जनहित को प्राथमिकता देते हुए इंटरसिटी, उत्कल एक्सप्रेस और उज्जैनी एक्सप्रेस जैसी ट्रेनों की तर्ज पर एक नई रेल सेवा शुरू करने की मांग की है।
नई ट्रेन शुरू होने से यात्रियों को सीधा, सुरक्षित और सस्ता विकल्प मिलेगा। सड़क मार्ग पर भारी यातायात का बोझ कम होगा। क्षेत्र के व्यापार, धार्मिक पर्यटन और लॉजिस्टिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।