आगरा में 13 जुलाई को एमएसएमई कॉन्क्लेव 2025, नीति, नवाचार और निवेश पर होगी गहन चर्चा
आगरा। सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम (एमएसएमई) क्षेत्र के विकास, नवाचार, तकनीकी उन्नयन और वैश्विक प्रतिस्पर्धा जैसे विषयों पर केंद्रित एमएसएमई कॉन्क्लेव 2025 का आयोजन 13 जुलाई को होटल जेपी पैलेस एंड कन्वेंशन सेंटर, आगरा में किया जाएगा। इसकी औपचारिक घोषणा शुक्रवार को आईटीसी मुगल होटल में आयोजित कार्यक्रम के माध्यम से की गई।
-देशभर के उद्योगपति, नीति निर्माता और सरकारी अधिकारी लेंगे भाग, आमंत्रण पत्र का हुआ विमोचन
-सरकार और उद्योग जगत के संवाद का नया सेतु बनेगा आगरा में होने वाला यह सम्मेलन- पूरन डावर
कॉन्क्लेव का आयोजन भारत सरकार के वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय के अंतर्गत कार्यरत फुटवियर एवं चमड़ा उद्योग विकास परिषद के तत्वावधान में हो रहा है। इसमें आगरा फुटवियर मैन्युफैक्चरर्स एंड एक्सपोर्टर्स चेंबर (एएफएमईसी) और कॉर्पोरेट काउंसिल फॉर लीडरशिप एंड अवेयरनेस का सहयोग भी रहेगा।
पूरन डावर ने बताए उद्देश्य
फुटवियर एवं चमड़ा उद्योग विकास परिषद के अध्यक्ष पूरन डावर ने बताया कि यह सम्मेलन देश भर के सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यमों के लिए नीति संवाद, तकनीकी नवाचार, निर्यात विस्तार, वित्तीय समावेशन, ब्रांड निर्माण और स्थायी विकास जैसे विषयों पर मंथन का मंच बनेगा। उन्होंने कहा कि सरकार और उद्योग जगत के बीच सीधे संवाद की यह एक अभूतपूर्व पहल है, जिससे उद्यमिता के नए द्वार खुलेंगे।
वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों की भागीदारी
सम्मेलन में भारत सरकार के केंद्रीय राज्य मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल मुख्य अतिथि होंगे। इसके अतिरिक्त कई वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी भी भाग लेंगे, जिनमें निधि केसरवानी, संयुक्त सचिव, औद्योगिक एवं आंतरिक व्यापार संवर्धन विभाग, राकेश कुमार सिंह, मुख्य कार्यपालक अधिकारी, यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण, मयूर माहेश्वरी, मुख्य कार्यपालक अधिकारी, उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास प्राधिकरण शामिल हैं।
बैंकों और वित्तीय संस्थानों की सहभागिता
घोषणा कार्यक्रम में भारतीय स्टेट बैंक के सहायक महाप्रबंधक पुनीत शर्मा और संदीप गुप्ता ने जानकारी दी कि सम्मेलन में एमएसएमई क्षेत्र से जुड़ी सरकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी।
वहीं भारतीय लघु उद्योग विकास बैंक (सिडबी) के सहायक महाप्रबंधक जीतेन्द्र जैन, एमएसएमई विकास कार्यालय आगरा के सहायक निदेशक नेपाल सिंह तथा राष्ट्रीय लघु उद्योग निगम (एनएसआईसी) के शाखा प्रबंधक पुष्पेन्द्र सूर्यवंशी ने विभिन्न सहयोग योजनाओं की जानकारी साझा की।
उद्योग प्रतिनिधियों ने जताई सकारात्मक उम्मीद
एएफएमईसी के महासचिव राजीव वासन ने कहा कि यह आयोजन सरकार और उद्यमियों के बीच प्रभावशाली संवाद को मजबूत करेगा। प्रकाश डीज़ल्स के निदेशक राजेश गर्ग ने कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से नीति निर्माण में उद्योग जगत की भागीदारी बढ़ेगी।
निर्यात, प्रतिस्पर्धा और कौशल विकास पर होगा विशेष फोकस
भारतीय फुटवियर उद्योग परिसंघ उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष ओपिंदर सिंह लवली ने बताया कि सम्मेलन में निर्यात संवर्धन, तकनीकी प्रतिस्पर्धा, कौशल विकास, वित्तीय व्यवस्था और वैश्विक परिप्रेक्ष्य में एमएसएमई क्षेत्र की भूमिका जैसे विषयों पर चर्चा की जाएगी।
आगरा पब्लिक स्कूल एसोसिएशन (एपीएसए) के अध्यक्ष डॉ. सुशील गुप्ता ने एमएसएमई को भारत की आर्थिक रीढ़ बताते हुए कहा कि इस क्षेत्र में कौशल विकास को मजबूत करना आवश्यक है।
विशिष्ट सहभागिता और आमंत्रण पत्र का विमोचन
इस अवसर पर इफ्कोमा के महासचिव दीपक मनचंदा, ललित अरोरा, अनिरुद्ध तिवारी, प्रदीप वासन, कॉर्पोरेट काउंसिल फॉर लीडरशिप एंड अवेयरनेस के महासचिव अजय शर्मा व संयोजक बृजेश शर्मा, अविनाश वर्मा आदि प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. तरुण शर्मा ने किया। अंत में एमएसएमई कॉन्क्लेव 2025 के आमंत्रण पत्र का विधिवत विमोचन भी किया गया।