मुकेश ‘मामा’ की धमाकेदार जीत: माथुर वैश्य महासभा के अध्यक्ष चुने गए, सुनील गुप्ता 60 वोटों से हारे

आगरा। अखिल भारतीय माथुर वैश्य महासभा के प्रतिष्ठापरक राष्ट्रीय इकाई के चुनाव में फिरोजाबाद के समाजसेवी मुकेश गुप्ता उर्फ मामा ने शानदार जीत दर्ज करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष का पद हासिल किया। उन्होंने अपने प्रतिद्वंद्वी सुनील गुप्ता (वाराणसी) को 60 वोटों के अंतर से पराजित किया। वहीं, महिला विंग में डॉ. मधुरिमा गुप्ता ने केंद्रीय महिला मंडल अध्यक्ष पद पर विजय पाई। उन्होंने रीता अलंकार (फिरोजाबाद) को 35 वोटों से हराया।

Oct 27, 2025 - 17:58
 0
मुकेश ‘मामा’ की धमाकेदार जीत: माथुर वैश्य महासभा के अध्यक्ष चुने गए, सुनील गुप्ता 60 वोटों से हारे
माथुर वैश्य महासभा के नव निर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष मुकेश जैन मामा और केंद्रीय महिला मंडल अध्यक्ष डॊ. मधुरिमा गुप्ता समाज के गणमान्य लोगों केसाथ।

-फिरोजाबाद से मिली भारी बढ़त, महिला मंडल की बागडोर संभालेंगी डॉ. मधुरिमा गुप्ता

प्रचार में सुनील की बढ़त, नतीजों में पलटा समीकरण

पिछले एक महीने से चले आ रही चुनावी प्रचार अभियान के दौरान से ही सुनील गुप्ता की जीत लगभग तय मानी जा रही थी। उनके समर्थन में बनारस, आगरा और दिल्ली की कई शाखाएं सक्रिय थीं। लेकिन, अंतिम समय में आंतरिक राजनीति ने समीकरण बदल दिए।

फिरोजाबाद में मामा का जलवा

मुकेश ‘मामा’ को सबसे बड़ी जीत उनके गृह नगर फिरोजाबाद से मिली। कुल 134 वोटों में से 127 वोट उनके पक्ष में पड़े, जबकि सुनील को केवल 7 वोट मिले। फिरोजाबाद का यही रुझान मामा के पक्ष में निर्णायक साबित हुआ।

दिल्ली और गुजरात मंडल में भी नहीं चला सुनील का जादू

दिल्ली मंडल, जिसे सुनील गुप्ता का गढ़ माना जा रहा था, वहां कुल 74 वोटों में से उन्हें केवल 30 वोट मिले। इसी तरह गुजरात में भी अपेक्षित समर्थन नहीं मिला।

आगरा में भी पलट गया पासा

आगरा में कुल 101 वोटों में से सुनील को 67 और मामा को 34 वोट मिले। हालांकि, यहां उम्मीद थी कि सुनील को 90% से अधिक वोट मिलेंगे क्योंकि अधिकांश शाखा सभाएं उनके कार्यकाल में गठित हुई थीं। लेकिन निलंबित किए गए सदस्यों ने मामा के लिए रणनीति बनाकर परिदृश्य पलट दिया।

महिला मोर्चे में मधुरिमा गुप्ता का उदय

महिला मोर्चे के चुनाव में डॉक्टर मधुरिमा गुप्ता ने अपनी सादगी और संगठनात्मक कौशल के बल पर जीत हासिल की। उन्होंने फिरोजाबाद की रीता अलंकार को 35 वोटों से मात दी।

महासभा की भूमिका और परंपरा

अखिल भारतीय माथुर वैश्य महासभा देशभर के माथुर वैश्यों का सर्वोच्च संगठन है। इस संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय महिला मंडल अध्यक्ष का चुनाव हर तीन वर्ष में होता है। देश के विभिन्न प्रांतों, शाखाओं और मंडलों के प्रतिनिधि इसमें मतदान करते हैं। यह चुनाव समाज की एकता और लोकतांत्रिक परंपरा का प्रतीक माना जाता है।

विजेताओं का बैंडबाजों के साथ स्वागत

चुनाव नतीजे आने के बाद निर्वाचन अधिकारी कुंवर अशोक कुमार गुप्ता (भट्टे वाले) द्वारा विजेताओं को प्रमाण पत्र दिए गये। विजेताओं के समर्थकों ने बैंडबाजों और माल्यार्पण कर दोनों का जोशीला स्वागत किया।

नये राष्ट्रीय अध्य़क्ष मुकेश कुमार गुप्ता मामा ने वे देश की सभी शाखा सभाओं, मातृ और युवा शक्ति तथा बंधुओं को साथ लेकर समाज की भलाई के काम करेंगे। महिला मंडल अध्यक्ष डॊ. मधुरिमा गुप्ता ने कहा कि वे महिलाओं से संबंधित लाभ मातृशक्ति को दिलाने के हर संभव प्रयास करेंगी।

इन गणमान्यों की रही मौजूदगी

चुनाव प्रक्रिया के दौरान रोशन लाल सर्राफ, श्रीभगवान रैपुरिया, अशोक कुमार गुप्ता, विनोद गुप्ता सर्राफ, आरएन गुप्ता एडवोकेट, कुलदीप गुप्ता, विमल सर्राफ, श्रीभगवान गुप्ता, पीडी गुप्ता, विनय गुप्ता, मुकेश गुप्ता राकेश गुप्ता, वीरेंद्र कुमार गुप्ता एडवोकेट, राकेश कांट्रेक्टर, रघुनाथ प्रसाद गुप्ता, मनोज गुप्ता, संजय गुप्ता, मुनेश गुप्ता, कल्याण दास गुप्ता, श्रीनिवास ठाकुर आदि समेत बड़ी संख्या में समाज के गणमान्य लोग मौजूद रहे।

SP_Singh AURGURU Editor