नगर निगम ने टायलेट ऐसे सजाए कि लोग सेल्फी लेने लगे
आगरा। नगर निगम द्वारा विश्व शौचालय दिवस के उपलक्ष्य में शहर स्थित सभी सामुदायिक व सार्वजनिक शौचालयों पर फूलों की लड़ी, लाइट, गुब्बारों और रंगोली बनाकर इन्हें सेल्फी प्वाइंट बना दिया। शहरवासी भी खुद को शौचालयों पर सेल्फी लेने से नहीं रोक पाए। सुबह से शाम तक 25 हजार लोग सेल्फी ले चुके थे।
-विश्व शौचालय दिवस पर निगम ने शौचालयों पर लगवाए हैं सेल्फी स्टैंड, अब तक 25000 ले चुके हैं सेल्फी, खुले में शौच न करने की अपील भी
दिव्यांगजनों की सुविधा के लिए शौचालयों में व्हील चेयर रखवाए गए। सभी शौचालयों पर सेल्फी स्टैंड लगाकर सेल्फी प्वाइंट बनाए गए। इस दौरान लोगों को स्वच्छता का संदेश देते हुए खुले में शौच ना करने तथा अपने आसपास स्वच्छ वातावरण बनाए रखने की अपील भी की गई।
लोगों से कहा गया कि खुले में शौच करने के बजाय शौचालय का उपयोग करें। इस दौरान शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाए जाने की भी शपथ ली गई। सेप्टिक टैंक 3 साल में एक बार जरूर खाली करवाने की अपील करते हुए शौचालय संबंधी किसी भी समस्या के लिए 14420 नंबर पर शिकायत दर्ज करने की भी जानकारी दी गई।
आगामी स्वच्छ सर्वेक्षण 2024 को देखते हुए शौचालयों में मरम्मत, रंगाई व पुताई तथा बॉल पेंटिंग के कार्य करवाए गए हैं। सभी शौचालयों पर स्वच्छ भारत मिशन व स्वच्छता का संदेश दिया गया है।