आगरा में रिश्तों का कत्ल: बेटे ने गुस्से में पिता की हत्या कर बोरे में भरा शव, एक्टिवा से यमुना में फेंका

आगरा। ताजनगरी में इंसानियत को शर्मसार करने वाला दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। कमला नगर थाना क्षेत्र में एक बेटे ने मामूली विवाद के बाद अपने पिता की हत्या कर दी और सबूत मिटाने के लिए शव को बोरे में भरकर एक्टिवा स्कूटी पर लादकर यमुना नदी में फेंक आया। घटना से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया है।

Oct 27, 2025 - 20:33
 0
आगरा में रिश्तों का कत्ल: बेटे ने गुस्से में पिता की हत्या कर बोरे में भरा शव, एक्टिवा से यमुना में फेंका
पिता की हत्या के आरोप में पुलिस द्वारा गिरफ्तार किया गया अभियुक्त मनीष।

पुलिस के मुताबिक मृतक भरत सिंह, जो पिछले 15 वर्षों से परिवार से अलग रह रहा था, शराब के नशे में अक्सर घर आकर गाली-गलौज करता था। शुक्रवार को भी जब वह नशे में हंगामा करने लगा तो बेटे मनीष कुमार का सब्र टूट गया। दोनों के बीच गौशाला के पास खाली प्लॉट में झगड़ा शुरू हुआ, जो कुछ ही देर में हिंसा में बदल गया। गुस्से में मनीष ने अपने पिता की छाती पर जोरदार लात मारी, जिससे भरत सिंह की मौके पर ही मौत हो गई।

हत्या के बाद मनीष ने पिता के शव को बोरे में भर दिया, फिर उसे एक्टिवा स्कूटी पर रखकर रात के अंधेरे में यमुना नदी की ओर निकल पड़ा। वहां उसने शव को नदी में फेंक दिया ताकि वारदात का कोई सुराग न बचे। लेकिन रविवार को जब पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली, तो कमला नगर थाना पुलिस ने वाटर वर्क्स चौराहा पुल के पास से मनीष को गिरफ्तार कर लिया।

थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी ने पूछताछ में अपना जुर्म कबूल कर लिया है। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त एक्टिवा स्कूटी बरामद कर ली है। आरोपी मनीष कुमार को धारा 302 (हत्या) के तहत जेल भेजा जा रहा है।

घटना की खबर फैलते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि पिता-पुत्र के बीच अक्सर विवाद होता था, लेकिन किसी ने सोचा भी नहीं था कि मनीष इतना क्रूर कदम उठा लेगा।

SP_Singh AURGURU Editor