ताजमहल में गूंजे संगीत के सुर, गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड होल्डर जोशुआ रेग्रेलो ने स्टील पैन से बांधा समा

आगरा। सोमवार सुबह ताजमहल के अंदर का नजारा कुछ अलग ही था। संगमरमर की शांति के बीच एक मधुर धुन गूंज रही थी। यह संगीत था गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड होल्डर जोशुआ रेग्रेलो यानी ‘डी पैन मैन’ के वाद्य का।

Nov 10, 2025 - 17:59
Nov 10, 2025 - 18:16
 0
ताजमहल में गूंजे संगीत के सुर, गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड होल्डर जोशुआ रेग्रेलो ने स्टील पैन से बांधा समा
गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड होल्डर जोशुआ रेग्रेलो ताजमहल के अंदर विशेष वाद्य ‘स्टील पैन’ बजाते हुए ।

आगरा। सोमवार सुबह ताजमहल के अंदर का नजारा कुछ अलग ही था। संगमरमर की शांति के बीच एक मधुर धुन गूंज रही थी। यह संगीत था गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड होल्डर जोशुआ रेग्रेलो यानी ‘डी पैन मैन’ के वाद्य का।

जोशुआ ने करीब एक घंटे तक ताजमहल के सेंट्रल टैंक पर अपने विशेष वाद्य ‘स्टील पैन’ को बजाया और इस ऐतिहासिक धरोहर को अपने संगीत की लहरियों से जीवंत कर दिया। उनकी परफॉर्मेंस के दौरान पुलिस, एएसआई के अधिकारी और वीडियोग्राफर की टीम मौजूद रही।

वरिष्ठ संरक्षण सहायक प्रिंस वाजपेयी ने बताया कि जोशुआ ने मुख्यालय से विशेष अनुमति लेकर वीडियो शूट किया, जो लगभग एक घंटे तक चला। इस दौरान ताजमहल के सामने उनकी परफॉर्मेंस ने पर्यटकों और स्थानीय लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

जोशुआ रेग्रेलो त्रिनिडाड एंड टोबैगो के मशहूर संगीतकार हैं। उनके नाम दो विश्व रिकॉर्ड दर्ज हैं।  पहला लगातार 30 घंटे तक स्टील पैन बजाने का रिकॉर्ड, जो उन्होंने दिसंबर 2023 में बनाया था। दूसरा, क्रोम म्यूजिकल इंस्ट्रूमेंट बजाने का रिकॉर्ड, जिसने उन्हें अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाई।

ताजमहल में परफॉर्मेंस के बाद जोशुआ ने मेहताब बाग में भी एक घंटे तक वीडियो शूट किया, जहां उन्होंने यमुना के पार से ताज के नज़ारे के बीच अपनी धुनें बिखेरीं। उनकी इस प्रस्तुति का उद्देश्य था, संगीत के माध्यम से भारत की विरासत और ताजमहल की सुंदरता को विश्व स्तर पर प्रदर्शित करना।