नगर पंचायत ने निरस्त किया आवेदन, फिर भी घनी आबादी में लगाया जा रहा मोबाइल टावर, फतेहाबाद में भड़का विरोध
फतेहाबाद (आगरा)। कस्बा फतेहाबाद के एक घनी आबादी वाले मोहल्ले में मोबाइल टावर स्थापित किए जाने को लेकर विवाद गहरा गया है। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि नगर पंचायत द्वारा आवेदन निरस्त किए जाने के बावजूद निजी कंपनी द्वारा जबरन मोबाइल टावर लगाया जा रहा है। मामले की शिकायत जिलाधिकारी आगरा और नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी से की गई है। आरोप है कि जिस स्थान के लिए दस्तावेजों में विवरण दिया गया है, वास्तविक टावर उससे अलग स्थान पर, घनी आबादी के बीचोंबीच स्थापित किया जा रहा है।
आवासीय प्लॉट में लगाया जा रहा टावर
स्थानीय निवासियों के अनुसार इंडस टावर लिमिटेड द्वारा सतीश चंद्र के आवासीय प्लॉट में मोबाइल टावर स्थापित करने का कार्य किया जा रहा है। लोगों का कहना है कि यह स्थान पूरी तरह रिहायशी क्षेत्र में स्थित है, जहां चारों ओर मकान बने हुए हैं और बड़ी संख्या में परिवार निवास करते हैं।
नगर पंचायत ने दिसंबर 2025 में निरस्त कर दिया था आवेदन
शिकायतकर्ताओं का दावा है कि मोबाइल टावर स्थापना के लिए कंपनी द्वारा नगर पंचायत फतेहाबाद में आवेदन किया गया था, जिसे 24 दिसंबर 2025 को निरस्त कर दिया गया था। आरोप है कि इसके बाद भी नगर पंचायत की ओर से कोई नई अनुमति जारी नहीं की गई, फिर भी कंपनी द्वारा निर्माण कार्य कराया जा रहा है।
दस्तावेजों और वास्तविक स्थल में अंतर का आरोप
स्थानीय लोगों का कहना है कि कंपनी द्वारा प्रस्तुत नक्शे और दस्तावेजों में टावर का स्थान फतेहाबाद-आगरा रोड के निकट दर्शाया गया है, जबकि वास्तविकता में टावर शमशाबाद-फतेहाबाद मार्ग से लगभग 500 मीटर अंदर घनी बस्ती के बीच स्थापित किया जा रहा है। इसे लेकर दस्तावेजों की सत्यता और प्रक्रिया की पारदर्शिता पर भी सवाल उठाए जा रहे हैं।
10 फीट चौड़ी गलियां, चार एल आकार के मोड़
निवासियों ने सुरक्षा संबंधी गंभीर चिंताएं भी व्यक्त की हैं। उनका कहना है कि जिस स्थान पर टावर लगाया जा रहा है, वहां पहुंचने के लिए मात्र 10 फीट चौड़ी गलियां हैं। इतना ही नहीं, रास्ते में चार एल आकार के मोड़ भी पड़ते हैं। ऐसे में किसी आपात स्थिति, आग लगने या तकनीकी दुर्घटना की स्थिति में फायर ब्रिगेड जैसे बड़े वाहनों का पहुंचना बेहद मुश्किल होगा।
डीएम और अधिशासी अधिकारी से कार्रवाई की मांग
मामले को लेकर स्थानीय लोगों ने जिलाधिकारी आगरा तथा नगर पंचायत फतेहाबाद के अधिशासी अधिकारी को लिखित शिकायत भेजकर टावर स्थापना कार्य को तत्काल रुकवाने और पूरे प्रकरण की जांच कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि जब तक सभी वैधानिक अनुमतियों और सुरक्षा मानकों की पुष्टि नहीं हो जाती, तब तक निर्माण कार्य पर रोक लगाई जानी चाहिए।