यादों में अमर एक नाम, सेवा में जीवित एक काम: डॉ. मनोज अग्रवाल की स्मृति में जनपद कारागार में फिर शुरू हुई ‘जेल चौपाटी’, बंदियों के आत्मनिर्भर भविष्य की राह खुली

आगरा जिला कारागार में स्वर्गीय डॉ. मनोज अग्रवाल की स्मृति में आयोजित कार्यक्रम ने श्रद्धा, समाजसेवा और पुनर्वास की एक अनोखी मिसाल पेश की, जहां भावभीनी श्रद्धांजलि के साथ ‘जेल चौपाटी’ के पुनः शुभारंभ ने बंदियों के आत्मनिर्भर भविष्य की नई राह खोल दी।

Apr 16, 2026 - 22:23
 0
यादों में अमर एक नाम, सेवा में जीवित एक काम: डॉ. मनोज अग्रवाल की स्मृति में जनपद कारागार में फिर शुरू हुई ‘जेल चौपाटी’, बंदियों के आत्मनिर्भर भविष्य की राह खुली
आगरा के जनपद कारागार में गुरुवार को जेल चौपाटी के पुनः शुभारंभ के मौके पर आयोजित कार्यक्रम में डायबिटीज पर व्याख्यान देते वरिष्ठ फिजिशियन डॊ. अरविंद जैन। मंचस्थ हैं डॊ. नवीन गुप्ता और अन्य अतिथिगण।

आगरा। जिला कारागार परिसर में गुरुवार को स्वर्गीय डॉ. मनोज अग्रवाल की पावन स्मृति में एक गरिमामय एवं भावनात्मक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत उनके जीवन, लायंस क्लब के जरिए समाजसेवा और उल्लेखनीय योगदान को स्मरण करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित कर की गई, जिसने पूरे वातावरण को भावुक बना दिया। इस मौके पर फिर से शुरू हुई ‘जेल चौपाटी’ ने कैदियों को आत्मनिर्भर भविष्य की दिशा दिखाई।

कार्यक्रम में वक्ताओं ने डॉ. अग्रवाल के व्यक्तित्व और उनके समाज के प्रति समर्पण को याद करते हुए उन्हें सच्चे अर्थों में जनसेवक बताया। इस अवसर पर श्री राजीव सिंघल ने उनके जीवन के प्रेरणादायी पहलुओं को साझा करते हुए कहा कि उनका जीवन समाज के लिए समर्पण का जीवंत उदाहरण है।

जेल चौपाटी के शुभारंभ के मौके पर कैदियों को स्वास्थ्य जागरूकता का भी मंच मिला, जहां शहर के वरिष्ठ फिजिशियन डॉ. अरविंद जैन ने डायबिटीज जैसे गंभीर विषय पर महत्वपूर्ण व्याख्यान दिया। उपस्थित लोगों ने इसे बेहद ध्यानपूर्वक सुना और इसे उपयोगी बताया।

कार्यक्रम का सबसे महत्वपूर्ण क्षण तब आया, जब बिहेवियर साइंटिस्ट एवं हिंदुस्तान इंस्टीट्यूट ऒफ मैनेजमेंट के डाइरेक्टर डॉ. नवीन गुप्ता के विशेष प्रयासों से जेल चौपाटी का पुनः शुभारंभ किया गया। यह पहल जेल में बंद कैदियों और रिहा हो चुके व्यक्तियों को रोजगार उपलब्ध कराने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक ठोस कदम मानी जा रही है।

धरा चेतना फाउंडेशन के कलाकारों अक्षय प्रताप सिंह, अभिषेक शुक्ला, गति सिंह और अहाना ने संगीत के माध्यम से भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित कर सभी को भावविभोर कर दिया। कार्यक्रम का संचालन दीपाली सिंह ने किया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शारदा यूनिवर्सिटी, आगरा के वाइस चांसलर प्रोफेसर परमानंद की उपस्थिति रही। विशिष्ट अतिथियों में आईआईटी रुड़की एलुमनाई आगरा चैप्टर के सचिव महेश चंद्र, भाजपा के प्रदेश मंत्री वीरेंद्र मित्तल, पूर्व न्यायाधीश एवं लीगल एडवाइजर प्रवीण कुमार सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

लायंस क्लब, आगरा विशाल के प्रतिनिधियों के साथ नरेश जैन, प्रमोद खंडेलवाल, सुनील गुप्ता, सुनील बंसल, सीए राकेश अग्रवाल और श्याम मोहन गुप्ता की उपस्थिति ने कार्यक्रम को और भी गरिमा प्रदान की।

शैक्षिक जगत से आरबीएस कॉलेज के प्रोफेसर सौम्या शर्मा, प्रोफेसर राहुल, प्रोफेसर विपिन अग्रवाल तथा आगरा कॉलेज की प्रोफेसर स्मिता चतुर्वेदी की सहभागिता भी उल्लेखनीय रही। वहीं परिवार परामर्श केंद्र से प्रोफेसर हारून खान की उपस्थिति ने कार्यक्रम को सामाजिक गहराई प्रदान की। एसओएस के ड्राइवर्स ने भी कार्यक्रम में अपनी सेवाएं प्रदान कीं।

जेल प्रशासन की ओर से जेल अधीक्षक हरि ओम शर्मा, जेलर नागेश सिंह, राजेश रॉय और नवीन यादव ने कार्यक्रम के सफल आयोजन में सक्रिय भूमिका निभाई।

SP_Singh AURGURU Editor