घर घर गूंज रहे नंदलाल के जयकारे, मंदिरों में उमड़ी भक्तों की भीड़ 

आगरा। भक्ति और आस्था के योगीराज श्रीकृष्ण जन्मोत्सव पर आज मंदिरों से लेकर घरों तक में मनाया जा रहा है। कई स्थानों पर आकर्षक झाकियां और सजावट की गई है, वहीं घरों में बच्चों ने आकर्षक झाकियां, रंगोली सजाई हैं।

Aug 16, 2025 - 22:02
 0
घर घर गूंज रहे नंदलाल के जयकारे, मंदिरों में उमड़ी भक्तों की भीड़ 

श्रीजगन्नाथ मंदिर पंच औषधी व पंचामृत से हुआ श्रीराधा-कृष्ण का अभिषेक 

जगमग रोशनी से सजे और पुष्पों से महकते श्रीजगन्नाथ मंदिर में नंदलाला के जयकारे गूंज रहे थे। भक्तों द्वारा रेशम के धागे से की गई कढ़ाई से सजी मल्टी कलर की पोशाक से श्रंगारित श्रीजगन्नाथ जी बहन सुभद्रा और भाई 
बलराम थे तो गोपी ड्रेस और धोती कुर्ता में सजे धजे भक्तजन। फूलों के साथ जूट से भव्य फूल बंगला सजाया गया। कमला नगर स्थित श्रीजगन्नाथ मंदिर (इस्कॉन) में कुछ ऐसा ही भक्तिमय दृष्य नजर आ रहा था। 

प्रातः मंगला आरती के साथ प्रारम्भ हुए श्रीकृष्ण जन्मोत्सव में रात को पंच औषधी, पंचगव्य व पंचामृत से श्रीकृष्ण का राधाजी संग वेदोच्चारण के साथ इस्कॉन के अध्यक्ष अरविन्द प्रभु द्वारा अभिषेक किया गया। अभिषेक से पूर्व मंदिर परिसर से उन्हें पालकी में बैठाकर कीर्तन करते हुए पंडाल तक लाया गया। वहीं रात्रि अभिषेक से पूर्व मंदिर परिसर में 1011 कलशों से भक्तों को भी राधाकृष्ण का अभिषेक करने का सुअवसर प्राप्त हुआ। इस अवसर पर आकर्षक झांकियां भी सजाई गईं।

इस्कॉन मंदिर में श्रीकृष्ण महोत्सव पर सभी भक्तजन सज-धजकर पहुंचे। महिलाएं गोपी ड्रेस और पुरुष धोती व पजामा कुर्ता के ड्रेस कोड में पहुंचे। जहां गीत गोविन्द व दशावतार श्लोकों पर झांझ, मंजीरे और मृदंग के संगीत पर भक्तिमय नृत्य में हर भक्त श्रीकृष्ण की भक्ति में डूबा नजर आया। इस अवसर पर भक्तों द्वारा भक्तिमय सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए गए। अभिषेक के उपरान्त रात 12 बजे श्रीहरि का अलौकिक श्रंगार कर महाआरती का आयोजन किया गया। 17 अगस्त को सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक मंदिर परिसर में नन्दोत्सव व श्रील प्रभुपादजी का व्यास पूजा महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। 

अवसर पर मुख्य रूप से जितेंद्र चौहान, आशु मित्तल, संजीव, शैलेन्द्र अग्रवाल, कान्ता प्रसाद, सुशील अग्रवाल, सुशील गुप्ता, संजय कुकरेजा, राजेश उपाध्याय, ओम प्रकाश,मुकेश अग्रवाल, अदिति गौरांगी, शैलेश बंदा, शाश्वत नंदलाल आदि उपस्थित थे।

पार्श्वनार्थ पंचवटी में जन्माष्टमी की धूम

पार्श्वनार्थ पंचवटी कॉलोनी, ताजनगरी फेस-2 में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर श्री राधा कृष्ण मंदिर परिसर को आकर्षक रंग बिरंगे फूलों की मनमोहक सजावट एवं भव्य जगमग रोशनी से सजाया गया।मध्यरात्रि में भगवान श्रीकृष्ण के जन्म होते ही भक्तों ने जोरदार जयकारों के साथ उत्सव का स्वागत किया। भजन-कीर्तन, झांकी और सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। श्रद्धालु देर रात तक कीर्तन व आरती में शामिल होते रहे। कार्यक्रम के अंत में प्रसाद वितरण किया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता उपेंद्र सिंह ने की, संचालक श्याम भोजवानी रहे। मुख्य रूप से ममता कुंदन, आरआरपी सिन्हा, आरके तिरखा, देवेंद्र कुमार गुप्ता, कपिल कथूरिया, रिंकू शर्मा, नरेंद्र सिंह, सुशील आहूजा, डॉ सुनीता सिंह, चाँदनी भोजवानी, पूनम सिंन्हा, कुसुम गुप्ता, कुमकुम तिरखा, अर्चना कथूरिया, दिव्या शर्मा आदि मौजूद रहे। 


श्री महालक्ष्मी मंदिर में फूल बंगला दर्शन 

बल्केश्वर स्थित श्री महालक्ष्मी मंदिर में भक्तों ने भक्ति रस में डूबकर अद्वितीय दर्शन किए। राधा नाम जपो मन रे, हरि नाम जपो…” ने पूरे वातावरण को आध्यात्मिक बना दिया।
इस अवसर पर श्री देवी जी ट्रस्ट द्वारा भव्य फूल बंगला, छप्पन भोग एवं पोशाक श्रृंगार दर्शन का आयोजन किया गया। गुलाब, गेंदा, कमल और विदेशी पुष्पों से सजा फूल बंगला श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र रहा। दर्शन करने वाले भक्तों को ऐसा प्रतीत हुआ मानो वे वृंदावन धाम की पावन भूमि पर हों।

मंदिर ट्रस्टी राममोहन कपूर, सतीश कपूर और अपिल कपूर ने लड्डू गोपाल एवं श्री महालक्ष्मी जी की आरती उतारकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके बाद भजन संध्या में भक्त झूमते और नृत्य करते नजर आए। मंदिर में रविवार को कन्या पूजन एवं प्रसादी वितरण का आयोजन किया जाएगा, जिसमें भक्त बड़ी संख्या में शामिल होंगे।