कलम की खूबसूरती का राष्ट्रीय संगम: नेशनल पेनमैन चैंपियनशिप 2025 का हुआ भव्य समापन
आगरा। स्वास्तिक हैंडराइटिंग वेलफेयर ट्रस्ट द्वारा आयोजित पांचवीं नेशनल पेनमैन चैंपियनशिप 2025 का पुरस्कार वितरण समारोह रविवार को वाटर वर्क्स स्थित अतिथि वन में सम्पन्न हुआ। यह प्रतियोगिता पूरी तरह ऑनलाइन आयोजित की गई थी, जिसमें देशभर से 1500 से अधिक प्रतिभागियों ने हिंदी, अंग्रेजी, कला और निबंध लेखन की 13 उपश्रेणियों में अपनी प्रतिभा दिखाई।
150 विजेताओं को प्रथम, द्वितीय, तृतीय एवं निर्णायक की पसंद पुरस्कार से सम्मानित किया गया। समारोह का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन से हुआ, जिसमें डॉ. सुशील गुप्ता विभव, श्रुति सिन्हा, प्रांजल शर्मा, निधि तिवारी, अरविंद श्रीवास्तव, अनिमेष दयाल और शुभी दयाल उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि डॉ. सुशील गुप्ता ने कहा कि लेखन केवल अक्षरों की कला नहीं, बल्कि धैर्य और अनुशासन का प्रतीक है। विशिष्ट अतिथि श्रुति सिन्हा ने इसे ध्यान और आत्म-अभिव्यक्ति का माध्यम बताया।
संस्थापक शिशिर मित्तल और अध्यक्ष विनीत मित्तल ने अतिथियों का स्वागत करते हुए बताया कि संस्था हिंदी और संस्कृत लेखन को भी बढ़ावा दे रही है। इस वर्ष पहली बार संस्कृत श्लोक, मंत्र लेखन और चौपाई प्रतियोगिता में शामिल किए गए।
लाइफटाइम विनर अवार्ड से युगाद्यया सैनी, रिया गौतम, निवेशिका गौतम, जैनल शाह, खुबनेजीयम (असम) और तन्मोए मंडल (पश्चिम बंगाल) को सम्मानित किया गया। निर्णायक मंडल में विश्व स्तर पर सम्मानित अशोक बत्रा सहित कई विद्वान शामिल रहे।
सांस्कृतिक कार्यक्रम और योग-नृत्य की प्रस्तुतियों ने समारोह को और भी आकर्षक बना दिया। कार्यक्रम का संचालन श्रुति दास ने किया और व्यवस्थाएँ प्रेरणा, क्षमा, रूचि, ज्योतिष, आशीष, शिखा, गीता सहित कई कार्यकर्ताओं ने संभालीं।