नेशनल फुटबॉल चैंपियनशिप संतोष ट्रॉफी 2025-26 की दहलीज पर ताजनगरी, आगरा को मिल सकती है ग्रुप बी की मेजबानी

आगरा। भारतीय फुटबॉल के सबसे प्रतिष्ठित घरेलू टूर्नामेंटों में शामिल 79वीं नेशनल फुटबॉल चैंपियनशिप संतोष ट्रॉफी 2025–26 के ग्रुप-बी की मेजबानी ताजनगरी आगरा को मिलने की प्रबल संभावना बन गई है। यदि यह प्रस्ताव अंतिम रूप लेता है तो यह आगरा के खेल इतिहास में एक नया अध्याय जोड़ेगा, क्योंकि अब तक इस अंतरराष्ट्रीय पहचान वाले शहर में इतने बड़े स्तर का फुटबॉल टूर्नामेंट आयोजित नहीं हो पाया है।

Dec 17, 2025 - 12:18
 0
नेशनल फुटबॉल चैंपियनशिप संतोष ट्रॉफी 2025-26 की दहलीज पर ताजनगरी, आगरा को मिल सकती है ग्रुप बी की मेजबानी

फुटबॉल प्रेमियों के लिए बड़ी सौगात

आगरा ही नहीं, बल्कि आसपास के जिलों के फुटबॉल प्रेमियों के लिए यह खबर किसी उत्सव से कम नहीं है। वर्षों से क्रिकेट और अन्य खेलों के बीच सीमित दायरे में सिमटे आगरा को पहली बार राष्ट्रीय फुटबॉल मंच पर पहचान मिलने जा रही है। लंबे समय से अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम के निर्माण की चर्चाएं जरूर होती रही हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर संतोष ट्रॉफी जैसा आयोजन अब तक सपना ही बना रहा।

मैदान बना सबसे बड़ी चुनौती

इस बड़े आयोजन के सामने सबसे बड़ी चुनौती अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप मैदान की रही है। आगरा के एकमात्र प्रमुख स्टेडियम में मरम्मत कार्य चल रहा है और किसी निजी संस्था के पास भी इतना बड़ा मैदान उपलब्ध नहीं है। इसी वजह से आयोजन समिति ने शहर से सटे क्षेत्रों में विकल्प तलाशे।

सूत्रों के अनुसार, 21 से 25 दिसंबर के बीच प्रस्तावित ग्रुप-बी मुकाबलों के लिए आनंद इंजीनियरिंग कॉलेज–शारदा यूनिवर्सिटी के मैदान को उपयुक्त माना गया है, जहां आयोजन की प्रारंभिक तैयारियां भी शुरू कर दी गई हैं।

प्रशासन और संघ पूरी तरह सक्रिय

इस आयोजन को आगरा लाने के लिए आगरा रीजनल फुटबॉल संघ के अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह (उर्फ बिल्लू चौहान), शारदा ग्रुप की वाइस चांसलर डॊ. जयंती राजन तथा उत्तर प्रदेश फुटबॉल संघ के महासचिव मो. शाहिद संयुक्त रूप से प्रयासरत हैं। खेल जगत में यह चर्चा तेज है कि इन प्रयासों का परिणाम जल्द सकारात्मक रूप में सामने आ सकता है।

चार राज्यों की टीमें, असम का रास्ता

ग्रुप-बी में चंडीगढ़, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड की कुल चार टीमें भाग लेंगी। इस पूल की शीर्ष टीम आगामी जनवरी में असम में होने वाले फाइनल राउंड में प्रवेश करेगी। संतोष ट्रॉफी के अन्य ग्रुप मुकाबलों की मेजबानी देश के अलग-अलग शहरों को सौंपी गई है, जिससे यह आयोजन अखिल भारतीय स्वरूप लेता है।

खेल पहचान की ओर आगरा

यदि आगरा को यह मेजबानी मिलती है, तो यह न केवल स्थानीय खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा बनेगी, बल्कि शहर की खेल पहचान को भी नई दिशा देगी। माना जा रहा है कि तैयारियां जिस तेजी से शुरू हुई हैं, उससे आगरा का नाम आधिकारिक मेजबान शहरों की सूची में जल्द शामिल हो सकता है।

SP_Singh AURGURU Editor