‘गणतंत्र दिवस के रंग कवियों के संग’ राष्ट्रीय कवि सम्मेलन 28 जनवरी को आगरा में
आगरा। शहीदों को नमन और गणतंत्र की भावना को समर्पित ‘गणतंत्र दिवस के रंग कवियों के संग’ राष्ट्रीय कवि सम्मेलन का आयोजन 28 जनवरी को आगरा में किया जाएगा। इस राष्ट्रप्रेरक साहित्यिक आयोजन की उद्घोषणा एवं आमंत्रण पत्र का विमोचन संजय प्लेस स्थित शू मार्केट में साहित्य निधि एवं ओपन कला मंच के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम संयोजक कवि हीरेंद्र हृदय ने जानकारी देते हुए बताया कि यह राष्ट्रीय कवि सम्मेलन खंदारी कैंपस स्थित जेपी सभागार में सायं 4 बजे से प्रारंभ होगा। उन्होंने कहा कि गणतंत्र दिवस की भावना से ओतप्रोत यह आयोजन देशभक्ति, वीर रस और राष्ट्रीय चेतना का सशक्त मंच बनेगा, जहां कवि अपनी ओजस्वी रचनाओं से श्रोताओं में राष्ट्रप्रेम की लौ प्रज्वलित करेंगे।
साहित्य निधि के कवि मोहित सक्सेना ने बताया कि सम्मेलन की मुख्य वक्ता प्रो. आशु रानी, कुलपति डॉ. भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय, आगरा होंगी।
राष्ट्रीय स्तर के इस कवि सम्मेलन में मध्य प्रदेश, राजस्थान और उत्तर प्रदेश से पधारे ख्यातिप्राप्त कवि अपनी प्रभावशाली प्रस्तुतियाँ देंगे। इनमें प्रमुख रूप से शशिकांत यादव (देवास), डॉ. कमलेश शर्मा (इटावा), लटूरी लट्ठ (टूंडला), सपना सोनी (राजस्थान) तथा अजय गुप्ता ‘रंगीला’ (आगरा) शामिल हैं, जो अपनी काव्य-रसधारा से श्रोताओं को देशभक्ति और वीर रस से सराबोर करेंगे।
आयोजक राकेश सक्सेना ने कहा कि यह कवि सम्मेलन केवल साहित्यिक उत्सव नहीं, बल्कि युवाओं में राष्ट्रप्रेम, सांस्कृतिक चेतना और सामाजिक जिम्मेदारी का संचार करने का प्रभावी माध्यम बनेगा।
आमंत्रण पत्र विमोचन अवसर पर उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के जिला अध्यक्ष अनिल शर्मा, कवि अजय गुप्ता ‘रंगीला’, मनोज गुप्ता बाबा, अनूप गुप्ता पुजारी, उमेश गुप्ता, सतीश चंद्र बंसल, प्रवीण भारद्वाज सहित अनेक साहित्यप्रेमी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।