बरेली में कल से राष्ट्रीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता, 70 टीमों के 836 खिलाड़ी दिखाएंगे दम
-आरके सिंह- बरेली। खेल भावना, ऊर्जा और प्रतिस्पर्धा से सराबोर माहौल में मंगलवार से बरेली में राष्ट्रीय विद्यालयी वॉलीबॉल प्रतियोगिता का आगाज़ होगा। राजकीय इंटर कॉलेज मैदान पर 11 से 15 नवंबर तक चलने वाली यह 69वीं राष्ट्रीय प्रतियोगिता देशभर के 70 टीमों के 836 प्रतिभाशाली खिलाड़ियों के कौशल और जज़्बे की गवाह बनेगी। शहर को दूसरी बार इस प्रतिष्ठित आयोजन की मेजबानी का अवसर मिला है, जिसके लिए तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और टीमों का आगमन शुरू हो चुका है।
राष्ट्रीय विद्यालयी वॉलीबॉल प्रतियोगिता के लिए बरेली पूरी तरह तैयार है। राजकीय इंटर कॉलेज के मैदान पर होने वाले इस आयोजन में देश के विभिन्न राज्यों, केंद्र शासित प्रदेशों और यूनिट्स से आई टीमें भाग लेंगी। सोमवार सुबह से ही खिलाड़ियों के आगमन का सिलसिला शुरू हो गया है।
बरेली मंडल के संयुक्त शिक्षा निदेशक एवं प्रतियोगिता आयोजन सचिव राकेश कुमार ने बताया कि प्रतियोगिता की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। अलग-अलग राज्यों से आने वाली टीमों के खिलाड़ियों को शहर के 27 होटलों में ठहराया गया है, जिनमें कुल 410 कमरे बुक किए गए हैं। खिलाड़ियों के आने-जाने के लिए 16 बसें, छह ट्रैवलर टेंपो और 30 कारें किराए पर ली गई हैं। सभी प्रतिभागियों के भोजन और नाश्ते की व्यवस्था जीजीआईसी परिसर में की गई है।
प्रतियोगिता में बालक वर्ग की 36 और बालिका वर्ग की 34 टीमें हिस्सा लेंगी। बालक वर्ग में 23 राज्य, छह केंद्र शासित प्रदेश और सात यूनिट्स की टीमें भाग लेंगी, जिनमें कुल 431 खिलाड़ी शामिल हैं। वहीं, बालिका वर्ग में 22 राज्य, छह केंद्रशासित प्रदेश और छह यूनिट्स की 405 खिलाड़ी हिस्सा लेंगी।
मंडलीय क्रीड़ा सचिव नईम अहमद ने बताया कि बालक वर्ग के साथ 103 कोच व टीम मैनेजर, जबकि बालिका वर्ग में 43 कोच व टीम मैनेजर भी आए हैं। इसके अलावा 146 सपोर्ट स्टाफ और प्रत्येक टीम के लिए लाइजनिंग ऑफिसर नियुक्त किए गए हैं। जीजीआईसी मैदान की सजावट, कोर्ट मार्किंग, लाइटिंग और अन्य व्यवस्थाएं भी पूरी कर ली गई हैं।
खेल प्रेमियों के लिए यह प्रतियोगिता रोमांच से भरपूर होगी, जहां देश के विभिन्न हिस्सों से आए खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। बरेली के लिए यह आयोजन न केवल खेल संस्कृति को प्रोत्साहन देने का अवसर है बल्कि शहर को राष्ट्रीय खेल मानचित्र पर और अधिक प्रमुखता से स्थापित करने का भी।