नवल टाटा अकादमी जमशेदपुर ने 6-4 से दर्ज की आसान जीत
आगरा। ऑल इंडिया साहिबजादा बाबा जोरावर सिंह-बाबा फतेह सिंह स्मृति अंडर-19 प्राइजमनी गोल्ड कप हॉकी टूर्नामेंट का रविवार को शुभारंभ हुआ। प्राचीन युद्ध कला गतका के शानदार प्रदर्शन के बीच शुरू हुए टूर्नामेंट का खिताब जीतने के लिए देशभर की 12 टीम पांच दिन चलने वाले टूर्नामेंट में जोर आजमाइश करेंगी। टूर्नामेंट के पहले दिन नवल टाटा अकादमी जमशेदपुर, साई लखनऊ, हॉकी इटावा ने जीत दर्ज की। विजय हॉकी प्रयागराज और हॉकी धौलपुर के मध्य मैच बराबरी पर छूटा।
- ऑल इंडिया अंडर-19 प्राइजमनी हॉकी टूर्नामेंट का हुआ शुभारंभ-
सुखजीवन स्पोर्ट्स अकादमी व आगरा हॉकी मास्टर्स के संयुक्त तत्वावधान में शुरू हुए टूर्नामेंट का रंगारंग आगाज हुआ। मुख्य अतिथि केन्द्रीय राज्यमंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल, उत्तर प्रदेश के खेल निदेशक डॉ. आरपी सिंह, विशिष्ट अतिथि हॉकी ओलंपियन व अर्जुन अवार्डी जगबीर सिंह ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त करके टूर्नामेंट का उद्घाटन किया। सभी अतिथियों का स्वागत आयोजन सचिव राजीव सोई, अमिताभ गौतम, धर्मेन्द्र बघेल, अजय कुमार ने किया। उद्घाटन समारोह में प्राचीन युद्ध कला गतका का प्रभावशाली प्रदर्शन हुआ। गुरुद्वारा गुरू का ताल के साथियों ने गतका के प्रदर्शन से सभी को तालियां बजाने पर मजबूर कर दिया। देशभर से आए खिलाड़ियों ने भी गतका कलाकारों का उत्साह बढ़ाया।
मुख्य अतिथि डॉ. आरपी सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश में हॉकी लगातार तरक्की कर रही है। हाल में भारत ने जूनियर वर्ल्ड कप हॉकी में कांस्य पदक जीता है। यह देश में हॉकी के लगातार लोकप्रिय होने का सबूत है। टूर्नामेंट के लिए उन्होंने सुखजीवन स्पोर्ट्स अकादमी व आगरा हॉकी मास्टर्स को बधाई दी। इस दौरान बाबा राजेन्द्र सिंह, मनोज जादौन, हरविजय सिंह बाहिया, अजय नारायण, नरेन्द्र सिंह, मोहित कपूर, अमिताभ गौतम, धर्मेन्द्र बघेल, अजय कुमार, परमजीत सिंह, देवेन्द्र गुप्ता, केपी सिंह यादव, संजय नेहरू, फिरोज खान, गर्जन सिंह, संजय गौतम आदि मौजूद रहे। संचालन गगन मदान ने किया।
आयोजन सचिव राजीव सोई ने बताया कि लीग कम नॉकआउट आधार पर खेले जा रहे टूर्नामेंट में पहले दिन चार मुकाबले खेले गए। पहले मुकाबले में राजा करन हॉकी और हॉकी इटावा के मध्य मैच हुआ। इस मैच को हॉकी इटावा ने 8-5 से जीता। विजेता टीम के लिए मिस्बाह ने 3, मनीष ने 2, अभय, अफसर हुसैन ने 1-1 गोल किया। दूसरे मैच में साई लखनऊ व रामपुर हॉकी के बीच मुकाबला हुआ। इस मैच को साई लखनऊ ने 23-02 से जीत दर्ज की। सूरज ने 6, रीतेश पांडे व आकाश पाल ने 4-4, तुषार व मिथलेश यादव ने 3-3, अभिषेक ने 2, अविनाश सिंह ने 1 गोल किया। तीसरे मैच में विजय हॉकी प्रयागराज व हॉकी धौलपुर के बीच हुआ मैच 2-2 से बराबरी पर छूटा। विजय हॉकी के लिए विक्की व शिवम गौड़ व हॉकी धौलपुर के लिए गुलाम अली व रचित निषाद ने 1-1 गोल किया। चौथे मैच में नवल टाटा हॉकी अकादमी जमशेदपुर ने सरस्वती हॉकी को 6-4 से हराया। विजेता टीम के लिए मोहित नायक ने 3, रोहित यादव, अफरीदी, जावेद ने 1-1 गोल किया। सरस्वती हॉकी के लिए अजय, रजा, विक्रम, आदित्य ने 1-1 गोल किया। निर्णायक अमित गुप्ता, ब्रजेश कुशवाह, जावेद खान, अजय कुमार, धर्मेश, प्रशांत शुक्ल, मधु थे।