नवीन जैन की पहल को मिली सफलता, रायपुर–जबलपुर एक्सप्रेस का नाम बदला गया, अब ‘मूकमाटी एक्सप्रेस’ के नाम से दौड़ेगी

आगरा/नई दिल्ली। राज्यसभा सांसद नवीन जैन के सतत, संगठित और प्रभावी प्रयास आखिरकार रंग लाए। रायपुर–जबलपुर के बीच संचालित ट्रेन संख्या 11701/11702 रायपुर–जबलपुर एक्सप्रेस का नाम बदलकर अब मूकमाटी एक्सप्रेस कर दिया गया है। इस संबंध में रेलवे बोर्ड, रेल मंत्रालय भारत सरकार द्वारा 7 जनवरी 2026 को आधिकारिक आदेश जारी कर दिया गया।

Jan 7, 2026 - 18:50
 0
नवीन जैन की पहल को मिली सफलता, रायपुर–जबलपुर एक्सप्रेस का नाम बदला गया, अब ‘मूकमाटी एक्सप्रेस’ के नाम से दौड़ेगी
रायपुर-जबलपुर एक्सप्रेस का नाम बदलने की मांग को लेकर रेल मंत्री अश्वनी वैष्णव को ज्ञापन देते सांसद नवीन जैन। फाइल फोटो।

रेलवे बोर्ड के आदेश संख्या 2026/CHG/36/01 के तहत दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (एसईसीआर), बिलासपुर एवं पश्चिम मध्य रेलवे (डब्ल्यूसीआर), जबलपुर को नाम परिवर्तन को तत्काल प्रभाव से लागू करने और इसका व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

उल्लेखनीय है कि राज्यसभा सांसद नवीन जैन ने 1 अक्टूबर 2025 को रेल मंत्री अश्वनी वैष्णव से भेंट कर एक औपचारिक ज्ञापन सौंपा था। ज्ञापन में उन्होंने राष्ट्र संत 108 आचार्य श्री विद्यासागर महाराज जी की अमर स्मृति को चिरस्थायी बनाए रखने के उद्देश्य से रायपुर–जबलपुर एक्सप्रेस का नाम ‘मूकमाटी एक्सप्रेस’ रखने की मांग रखी थी। यह मांग केवल एक क्षेत्र विशेष की नहीं, बल्कि देशभर से उठी जनभावनाओं से जुड़ी थी।

रेल मंत्रालय द्वारा इस मांग को स्वीकार किए जाने के बाद जैन समाज सहित श्रद्धालुओं और संत अनुयायियों में हर्ष और संतोष का माहौल है। इसे राष्ट्र संत के प्रति श्रद्धा और सम्मान का प्रतीकात्मक निर्णय माना जा रहा है।

सांसद नवीन जैन के इस प्रयास को सामाजिक, धार्मिक और सांस्कृतिक संगठनों द्वारा व्यापक सराहना मिल रही है। जैन समाज की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं रेल मंत्री अश्वनी वैष्णव के प्रति भी आभार प्रकट किया गया है।

SP_Singh AURGURU Editor