आगरा में आर्मी डे पर गरजा एनसीसी का परेड मैदान, कैडेट्स ने ड्रिल से किया भारतीय सेना के शौर्य को नमन
आगरा। भारतीय सेना के अदम्य शौर्य, पराक्रम और सर्वोच्च बलिदान को समर्पित इंडियन आर्मी डे के अवसर पर एनसीसी आर्मी विंग, आगरा कॉलेज के तत्वावधान में भव्य परेड एवं विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। ड्रम की गूंजती थाप पर कैडेट्स की अनुशासित कदमताल और जोशीली ड्रिल ने परिसर को देशभक्ति के रंग में रंग दिया। पूरे आयोजन में भारतीय सेना के वीर जवानों को श्रद्धा, सम्मान और सलाम अर्पित किया गया।
परेड में दिखा अनुशासन और जोश
आर्मी डे पर आयोजित परेड में कैडेट्स ने शानदार ड्रिल का प्रदर्शन किया, जिसका नेतृत्व सार्जेंट ह्रदय शर्मा ने किया। सधे हुए कदम, एकरूपता और जोशीली मुद्रा ने दर्शकों को भारतीय सेना की अनुशासनात्मक शक्ति का सजीव अनुभव कराया। ड्रिल के दौरान कैडेट्स का उत्साह और समर्पण देखते ही बनता था।
विचार गोष्ठी में गूंजा वीरता का इतिहास
परेड के उपरांत परिसर में आयोजित विचार गोष्ठी में भारतीय सेना के शौर्य, पराक्रम और बलिदान की गाथाओं को स्मरण किया गया। गोष्ठी को संबोधित करते हुए कंपनी कमांडर कैप्टन अमित अग्रवाल ने कहा कि भारतीय सेना विश्व की सर्वोत्तम सेनाओं में से एक है। इसके साहस और बलिदान की कहानियां हर भारतीय के लिए प्रेरणा हैं। उन्होंने कहा कि भारत का सैनिक “एक गोली, एक दुश्मन” के सिद्धांत पर राष्ट्र की रक्षा करता है।
सियाचिन के अनुभवों ने भर दिया जोश
वन यूपी वाहिनी एनसीसी के हवलदार मोहेंदर कुमार ने गोष्ठी में अपने संबोधन में भारतीय सेना के जवानों और अधिकारियों को विपरीत परिस्थितियों में भी डटकर मुकाबला करने वाला साहसी और उच्च बलिदानी बताया। उन्होंने सियाचिन में अपनी पोस्टिंग के दौरान के अनुभव साझा करते हुए कैडेट्स को देशसेवा के लिए प्रेरित किया।
वीर शहीदों की गाथाओं से सजी गोष्ठी
गोष्ठी के दौरान कैडेट्स ने देश के महान वीरों के साहस और बलिदान को याद किया। कैडेट प्राची ने परमवीर चक्र विजेता वीर अब्दुल हमीद, कैडेट शगुन ने ग्रेनेडियर योगेंद्र सिंह यादव, कैडेट प्रिया ने कैप्टन विक्रम बत्रा, कैडेट ऋषभ ने मेजर सोमनाथ शर्मा, कैडेट नीरज ने नायब सूबेदार बना सिंह और कैडेट प्रवीण ने मेजर शैतान सिंह के साहस, पराक्रम और सर्वोच्च बलिदान पर विस्तार से प्रकाश डाला।
गोष्ठी का संचालन सार्जेंट समायरा सिंह ने किया। एसयूओ मनोज जुरैल ने अतिथियों का स्वागत किया तथा यूओ यामिनी चाहर ने आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर सार्जेंट प्रिया चाहर, सार्जेंट हिमांशु सिंह, सार्जेंट अरविंद, कैडेट सूर्यांश, सक्षम, संदीप, ऋषभ, संजना, प्रियंका, कृति, अदिति, अनुश्री, रिहान कृष्णश, प्रथम, हर्षित, करण, देवांग, नीरज, संदीप अरुण, हर्ष, प्रवीन, मयंक सहित बड़ी संख्या में कैडेट्स उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के समापन पर कैडेट्स ने भारतीय सेना जिंदाबाद, भारत माता की जय, वंदे मातरम् जैसे गगनभेदी नारे लगाए, जिससे पूरा परिसर राष्ट्रभक्ति के जयघोष से गूंज उठा।
Top of Form