नेपाल के पीएम ओली का इस्तीफा, पूर्व प्रधानमंत्री देउबा को दौड़ा कर पीटा, हालत नाजुक

नेपाल के प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। आर्मी चीफ ने उनसे इस्तीफा देने को कहा था। उधर पूर्व प्रधानमंत्री और नेपाली कांग्रेस अध्यक्ष शेर बहादुर देउबा और उनकी पत्नी आरजू राणा देउबा पर जनरेशन-जेड प्रदर्शनों के दौरान प्रदर्शनकारियों ने हमला किया।

Sep 9, 2025 - 16:57
 0
नेपाल के पीएम ओली का इस्तीफा, पूर्व प्रधानमंत्री देउबा को दौड़ा कर पीटा, हालत नाजुक

काठमांडू। नेपाल में प्रदर्शनकारियों ने पूर्व प्रधानमंत्री और नेपाली कांग्रेस अध्यक्ष शेर बहादुर देउबा और उनकी पत्नी आरजू राणा देउबा पर हमला किया है। आरजू देउबा नेपाल की विदेश मंत्री हैं। हमले के दौरान प्रदर्शनकारियों ने नेपाल के दोनों वरिष्ठ नेताओं को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। इससे दोनों नेता गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। सोशल मीडिया पर शेयर किए जा रहे वीडियो में शेर बहादुर देउबा के शरीर पर खून लगे हुए देखा जा सकता है।

प्रदर्शनकारियों ने काठमांडू में नेपाल के वित्त मंत्री और उप प्रधानमंत्री विष्णु प्रसाद पौडेल को भी पीटा है। पौडेल को एक गली में घेरकर पीटा गया। इस घटना का एक वीडियो शेयर किया जा रहा है, जिसमें एक प्रदर्शनकारी पौडेल को लात मारते हुए दिखता है। इसके बाद प्रदर्शनकारी पौडेल को पकड़कर अपने साथ ले जाते हुए दिखाई दिए। अभी तक साफ नहीं हो सका है कि पौडेल कहां हैं और उनकी हालत कैसी है।

प्रदर्शन में शामिल गुस्साए युवाओं ने सिंह दरबार परिसर, संसद भवन और वरिष्ठ राजनीतिक नेताओं के निजी आवासों को भी निशाना बनाया और आगजनी व तोड़फोड़ की। पार्टी कार्यालयों और पुलिस थानों को भी नहीं बख्शा गया, दिन भर तोड़फोड़ की लगातार खबरें आ रही हैं। काठमांडू में प्रमुख सरकारी और राजनीतिक स्थलों पर प्रदर्शनकारियों के बढ़ते जाने के कारण अधिकारी हिंसा को नियंत्रित करने के लिए संघर्ष कर रहे हैं।

नेपाल के प्रधानमंत्री के पी शर्मा ओली ने देश में जारी सरकार विरोधी जबर्दस्त प्रदर्शनों के मद्देनजर मंगलवार को अपने पद से इस्तीफा दे दिया। ओली ने सैकड़ों प्रदर्शनकारियों द्वारा सरकार विरोधी नारे लगाते हुए उनके कार्यालय में घुसने के कुछ ही देर बाद पद छोड़ दिया। ओली के इस्तीफे से कुछ घंटे पहले प्रदर्शनकारियों ने सोमवार की मौतों की जवाबदेही की मांग करते हुए बालकोट स्थित नेपाली नेता के निजी आवास में आग लगा दी थी।