आगरा के नगला पदी में सूने घर को साफ करने वाला शातिर अभियुक्त गिरफ्तार, चोरी के 1.02 लाख रुपये बरामद
आगरा। थाना न्यू आगरा क्षेत्र के नगला पदी में 29 नवंबर की रात को हुई चोरी की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक शातिर अभियुक्त को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की गई नकदी बरामद कर ली है। पकड़े गए अभियुक्त का आपराधिक इतिहास भी लंबा बताया जा रहा है।
थाना न्यू आगरा थाना क्षेत्र के नगला पदी निवासी एक परिवार के घर पर विगत 30 नवंबर को हुई चोरी के मामले में पुलिस को सफलता मिली है। पुलिस ने मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर खासपुर चौराहे के पास से अभियुक्त प्रभु दयाल उर्फ तंगा निवासी रुनकता को गिरफ्तार कर लिया। अभियुक्त के पास से चोरी की गई 1,02,000 रुपये की नकदी भी बरामद की गई है।
मकान मालिक 15 नवंबर को अपने परिवार के साथ बाहर गए हुए थे। 30 नवंबर को उनके साले की बेटी ने फोन कर सूचना दी कि घर के ताले टूटे हुए हैं। सूचना मिलते ही जब वादी घर लौटा तो देखा कि अलमारी में रखा कीमती सामान और नकदी गायब थी। इसके बाद मामले की रिपोर्ट थाना न्यू आगरा में दर्ज कराई गई।
पुलिस जांच के दौरान मुखबिर की सूचना पर अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में अभियुक्त ने नगला पदी में 29 नवंबर की रात चोरी की वारदात को भी कबूल कर लिया। पुलिस के अनुसार, प्रभु दयाल उर्फ तंगा एक शातिर अपराधी है, जिसके खिलाफ पूर्व में करीब 15 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।