ब्रज की राजनीति में नई शुरुआत, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी का पहला आगरा दौरा कल

आगरा। उत्तर प्रदेश भाजपा के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी शनिवार 27 दिसंबर को पहली बार आगरा दौरे पर आ रहे हैं। इस दौरे को भाजपा संगठन के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है, क्योंकि आने वाले दिनों में प्रदेश से लेकर ब्रज क्षेत्र, जिला और महानगर स्तर तक संगठनात्मक विस्तार प्रस्तावित है। ऐसे में आगरा में होने वाली यह बैठक संगठन की दिशा और दशा तय करने वाली मानी जा रही है।

Dec 26, 2025 - 21:32
 0
ब्रज की राजनीति में नई शुरुआत, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी का पहला आगरा दौरा कल
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के स्वागत के लिए शहर की सड़कों पर लगे होर्डिंग्स।

40 से अधिक स्वागत स्थलों, 400 कार्यकर्ताओं की बैठक और संगठनात्मक विस्तार पर मंथन

आगरा। उत्तर प्रदेश भाजपा के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी शनिवार 27 दिसंबर को पहली बार आगरा दौरे पर आ रहे हैं। इस दौरे को भाजपा संगठन के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है, क्योंकि आने वाले दिनों में प्रदेश से लेकर ब्रज क्षेत्र, जिला और महानगर स्तर तक संगठनात्मक विस्तार प्रस्तावित है। ऐसे में आगरा में होने वाली यह बैठक संगठन की दिशा और दशा तय करने वाली मानी जा रही है।

प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी मथुरा से आगरा के लिए रवाना होंगे। जैसे ही वे आगरा जिले की सीमा में प्रवेश करेंगे, स्वागत का सिलसिला शुरू हो जाएगा। सिकंदरा चौराहा से पहले ही जिला भाजपा टीम विभिन्न स्थानों पर उनका स्वागत करेगी, जबकि इसके बाद महानगर भाजपा द्वारा करीब 25 स्थानों पर स्वागत कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं। पूरे मार्ग को भाजपा के झंडों, बैनरों और होर्डिंग्स से सजाया गया है, जिससे यह दौरा एक शक्ति प्रदर्शन का रूप लेता नजर आएगा।

दोपहर 2.15 बजे आगमन, 4 बजे अहम बैठक

कार्यक्रम के अनुसार भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दोपहर लगभग 2.15 बजे आगरा पहुंचेंगे। विभिन्न स्थानों पर स्वागत कार्यक्रमों में भाग लेने के बाद वे शाम करीब 4 बजे प्रतापपुरा स्थित रमाना ग्रांड मैरिज होम पहुंचेंगे, जहां ब्रज क्षेत्र के कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक करेंगे।

400 नेताओं की मौजूदगी, संगठन विस्तार पर चर्चा संभव

इस बैठक में ब्रज क्षेत्र के लोकसभा सांसद, राज्यसभा सदस्य, विधायक एवं एमएलसी, ब्रज क्षेत्रीय टीम के पदाधिकारी, विभिन्न जिलों के जिलाध्यक्ष, महानगर अध्यक्ष, विभिन्न मोर्चों के अध्यक्ष सहित करीब 400 नेता और कार्यकर्ता भाग लेंगे। राजनीतिक सूत्रों की मानें तो प्रदेश अध्यक्ष इस बैठक में संगठन के विस्तार, आगामी नियुक्तियों और चुनावी रणनीति को लेकर दिशा-निर्देश दे सकते हैं।

वरिष्ठ नेताओं की रहेगी मौजूदगी

प्रदेश अध्यक्ष के स्वागत और बैठकों में केंद्रीय राज्यमंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल, यूपी सरकार के कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय, बेबीरानी मौर्य, चौधरी लक्ष्मी नारायण सहित विधायकगण और संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारी विभिन्न स्थलों पर मौजूद रहेंगे।

इन प्रमुख स्थानों पर होगा स्वागत

प्रदेश अध्यक्ष के स्वागत के लिए जिन प्रमुख स्थानों को चिन्हित किया गया है, उनमें 
सिकंदरा चौराहा, कारगिल चौराहा, लक्ष्मी पैलेस मैरिज होम, बोदला चौराहा, मारुति एस्टेट चौराहा, पांडव नगर, साकेत कॉलोनी चौराहा, वाल्मीकि वाटिका, धाकरान चौराहा, प्रतापपुरा चौराहा सहित जिले के 40 से अधिक स्थान शामिल हैं। 

सियासी संकेतों पर टिकी निगाहें

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष का यह पहला आगरा दौरा होने के कारण संगठनात्मक संदेश, नेतृत्व चयन और भविष्य की रणनीति को लेकर सभी की निगाहें इस बैठक पर टिकी हुई हैं। माना जा रहा है कि यह दौरा ब्रज क्षेत्र की राजनीति में नए समीकरणों की भूमिका तैयार कर सकता है।