नई दिल्ली-बिलासपुर राजधानी एक्सप्रेस आगरा में रुके, सांसद नवीन जैन ने रेल मंत्री से की मुलाकात

आगरा। उत्तर प्रदेश से राज्यसभा सांसद नवीन जैन ने हाल ही में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से नई दिल्ली में मुलाकात कर एक महत्वपूर्ण मांग रखी। उन्होंने गाड़ी संख्या 12441/12442 नई दिल्ली-बिलासपुर राजधानी एक्सप्रेस के आगरा कैंट स्टेशन पर ठहराव की मांग पत्र के माध्यम से की।

Jul 26, 2025 - 16:53
 0
नई दिल्ली-बिलासपुर राजधानी एक्सप्रेस आगरा में रुके, सांसद नवीन जैन ने रेल मंत्री से की मुलाकात

आगरा होकर गुजरती है, लेकिन ठहरती नहीं

सांसद ने बताया कि यह ट्रेन नई दिल्ली से झांसी, भोपाल, नागपुर, दुर्ग, रायपुर होते हुए बिलासपुर जाती है और आगरा होकर गुजरती है, लेकिन इसका ठहराव यहां नहीं है। इससे यात्रियों, व्यापारियों और पर्यटकों को भारी असुविधा होती है, जो आगरा से इन शहरों की ओर यात्रा करना चाहते हैं।

ग्वालियर या दिल्ली से करनी पड़ती है यात्रा

फिलहाल, आगरा के यात्रियों को इस ट्रेन में सफर करने के लिए या तो नई दिल्ली या ग्वालियर जाकर ट्रेन पकड़नी पड़ती है, जिससे न केवल समय की बर्बादी होती है, बल्कि अतिरिक्त खर्च भी बढ़ जाता है।

पर्यटन और आर्थिक विकास को मिलेगा बढ़ावा

सांसद जैन ने कहा कि आगरा, मथुरा और वृंदावन जैसे धार्मिक व ऐतिहासिक स्थलों पर देश-विदेश से पर्यटक आते हैं। राजधानी एक्सप्रेस के ठहराव से पर्यटन को बल मिलेगा और क्षेत्र का आर्थिक विकास भी तेज होगा।

उन्होंने रेल मंत्री से आग्रह किया कि जनहित में इस मांग पर जल्द विचार करते हुए ट्रेन का ठहराव आगरा कैंट स्टेशन पर सुनिश्चित किया जाए, ताकि आम यात्रियों को राहत मिल सके।

SP_Singh AURGURU Editor