आईपीएल का नया शेड्यूल जारी, 17 मई से होंगे मैच
नई दिल्ली। आईपीएल 2025 का नया शेड्यूल जारी हो गया है। टूर्नामेंट के बाकी मुकाबलों के लिए 6 मैदानों का चयन किया गया है। नए शेड्यूल के अनुसार अभी 17 मैच बाकी हैं और फाइनल मैच की भी नई तारीख का खुलासा हो गया है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने एलान करके बताया है कि बाकी मुकाबलों का आयोजन 17 मई से शुरू होगा, वहीं फाइनल 3 जून को खेला जाएगा।
सरकार, सुरक्षा एजेंसियों और सभी साझेदारों से सलाह लेने के बाद बीसीसीआई ने 17 मई से टूर्नामेंट को दोबारा शुरू करने का निर्णय लिया है। नए शेड्यूल में 2 दिन दो-दो मैच खेले जाएंगे, जिनके लिए रविवार का दिन चुना गया है। टूर्नामेंट दोबारा शुरू होने पर पहला मैच कोलकाता नाइट राइडर्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच बेंगलुरु में खेला जाएगा।
ऑरिजिनल शेड्यूल के मुताबिक प्लेऑफ स्टेज 20 मई से शुरू होने वाला था। अब नए शेड्यूल के अनुसार प्लेऑफ चरण 29 मई से शुरू होगा। पहला क्वालीफायर 29 मई को खेला जाएगा। एलिमिनेटर मैच 30 मई, दूसरा क्वालीफायर 1 जून और फाइनल मैच 3 जून को खेला जाएगा। प्लेऑफ मुकाबलों के लिए वेन्यू की घोषणा बाद में की जाएगी।
6 वेन्यू पर आईपीएल के बचे हुए मुकाबले खेले जाएंगे। पहले फाइनल 25 मई को खेला जाना था।