चाणक्य सदन से होगी नई सोच की शुरुआत, जिला पंचायत कार्यालय में भव्य सभागार का लोकार्पण

आगरा। गांव और पंचायत के समग्र विकास को नई दिशा देने और योजनाओं पर गहन मंथन के उद्देश्य से जिला पंचायत कार्यालय बालूगंज में निर्मित नवीन चाणक्य सदन का भव्य लोकार्पण भारतीय जनता पार्टी के बृज क्षेत्र अध्यक्ष दुर्विजय सिंह शाक्य ने किया। यह आधुनिक सुविधाओं से युक्त मीटिंग सभागार आने वाले समय में विकास योजनाओं की रूपरेखा तय करने का केंद्र बनेगा।

Jun 26, 2025 - 17:50
 0
चाणक्य सदन से होगी नई सोच की शुरुआत, जिला पंचायत कार्यालय में भव्य सभागार का लोकार्पण
जिला पंचायत कार्यालय बालूगंज में निर्मित नवीन चाणक्य सदन का लोकार्पण करते भाजपा बृज क्षेत्र अध्यक्ष दुर्विजय सिंह शाक्य, साथ में पूर्व विधायक डॉ राजेंद्र सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ मंजू भदोरिया एवं अन्य जनप्रतिनिधिगण।

लोकार्पण समारोह में पारंपरिक अतिथि देवो भव की भावना के साथ जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ मंजू भदोरिया ने सभी अतिथियों को अंगवस्त्र और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। अपने संबोधन में क्षेत्रीय अध्यक्ष दुर्विजय सिंह शाक्य ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार ग्रामीण भारत को आत्मनिर्भर और समृद्ध बनाने के लिए लगातार प्रयासरत है। चाणक्य सदन जैसे सभागार ग्रामीण विकास में सोच से संवाद तक की भूमिका निभाएंगे।

ग्रामीण विकास की नई इबारत लिखेगा चाणक्य सदन

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ मंजू भदोरिया ने कहा कि पंचायतें अब केवल परंपरा नहीं, बल्कि प्रगति के केंद्र हैं। जिला पंचायत द्वारा ग्रामीण क्षेत्र में विकास, महिला सशक्तिकरण और युवा प्रोत्साहन के लिए निरंतर योजनाएं बनाई जा रही हैं। बटेश्वर मेले को इस बार ताज महोत्सव की तर्ज पर भव्य स्वरूप में सजाने की योजना तैयार है। साथ ही, क्षेत्र में नवीन मिनी स्टेडियमों का भी निर्माण कराया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि चाणक्य सदन के माध्यम से सभी जनप्रतिनिधि अब एक ही मंच पर आकर विचार-विमर्श कर सकेंगे। इससे निर्णय प्रक्रिया तेज होगी और विकास योजनाओं को जमीनी अमल में लाने में सहूलियत मिलेगी। उन्होंने कहा कि देश का भविष्य गांव और पंचायतों की समृद्धि से तय होता है। जब गांव प्रगतिशील होंगे, तभी राष्ट्र उन्नति करेगा।

कार्यक्रम में इनकी रही उपस्थिति

इस लोकार्पण अवसर पर भाजपा बृज क्षेत्र अध्यक्ष दुर्विजय सिंह शाक्य, पूर्व विधायक डॉ राजेंद्र सिंह, भाजपा नेता संतोष कटारा, रामकुमार शर्मा, सोनू चौधरी, महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष पंकजा शर्मा, जिला पंचायत की अपर मुख्य अधिकारी उमेश चंद्र, मुख्य विकास अधिकारी प्रतिभा सिंह, अभियंता देवेंद्र सिंह, पंचायत सदस्य व अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

SP_Singh AURGURU Editor