नववर्ष पर खाटू श्याम भक्ति और गणपति–श्रीराम आराधना में डूबा शहर, मंदिरों में दिन भर रही भारी भीड़
आगरा। नववर्ष के पावन अवसर पर आगरा नगर पूरी तरह धर्म, भक्ति और उल्लास के रंग में रंगा नजर आया। एक ओर श्री खाटू श्याम जी मंदिर, जीवनी मंडी में श्याम प्रभु की भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला, तो दूसरी ओर छलेसर रोड स्थित श्री वरद वल्लभा महागणपति मंदिर में संगीतमय सुंदरकांड, फूल बंगला और भव्य विद्युत सज्जा ने श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया।

आगरा छलेसर रोड स्थित श्री वरद वल्लभा महागणपति मंदिर में संगीतमय सुंदरकांड पाठ करते पंडित मनीष शर्मा।
नववर्ष की सुबह श्री खाटू श्याम जी मंदिर के पट खुलते ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। बाबा श्याम का आशीर्वाद पाने के लिए भक्त देर रात्रि तक कतारबद्ध होकर दर्शन करते रहे। “हारे का सहारा श्याम हमारा” के गगनभेदी जयकारों से पूरा मंदिर परिसर गूंज उठा।
इस अवसर पर मंदिर ट्रस्ट द्वारा बाबा श्याम का मनोहारी एवं भव्य श्रृंगार किया गया। रंग-बिरंगे पुष्पों से सुसज्जित दिव्य स्वर्ण श्रृंगार में बाबा की अलौकिक छटा ने श्रद्धालुओं के हृदय को छू लिया। मंदिर परिसर को फूलों, गुब्बारों एवं आकर्षक विद्युत सज्जा से सजाया गया, जिससे संपूर्ण वातावरण भक्तिमय उत्सव में परिवर्तित हो गया।
सायंकालीन आरती के पश्चात आयोजित दिव्य भजन संध्या में श्याम भक्ति की अविरल धारा बही। भावपूर्ण भजनों पर श्रद्धालु झूम उठे और भक्ति रस में सराबोर हो गए। मंदिर अध्यक्ष दिनेश चंद्र अग्रवाल ने बताया कि नववर्ष के अवसर पर भक्तों की सुविधा के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गईं। दर्शन व्यवस्था, सुरक्षा और अनुशासन बनाए रखने में हेमेन्द्र अग्रवाल, संजय अग्रवाल, विपिन बंसल, विकास गोयल, अमित गोयल सहित सेवाभावियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। भक्तों ने बाबा श्याम के चरणों में शीश नवाकर नववर्ष में सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।
इधर, नववर्ष पर श्री वरद वल्लभा महागणपति मंदिर, छलेसर रोड में भी भक्ति और श्रद्धा का अनुपम दृश्य देखने को मिला। मंदिर में संगीतमय सुंदरकांड का आयोजन किया गया, जिसमें भजन गायक पंडित मनीष शर्मा ने भावपूर्ण गायन के साथ सुंदरकांड पाठ किया। प्रभु श्रीराम के नाम की गूंज से पूरा वातावरण राममय हो उठा और श्रद्धालु भाव-विभोर होकर भक्ति में लीन हो गए।
कार्यक्रम का शुभारंभ राज्यमंत्री बेबी रानी मौर्या, उप्र लघु उद्योग निगम के अध्यक्ष राकेश गर्ग एवं चमड़ा एवं फुटवियर उद्योग परिषद के अध्यक्ष पूरन डावर द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। अतिथियों ने मंदिर की भव्य सज्जा की सराहना करते हुए नगरवासियों के लिए सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।
नववर्ष के अवसर पर दर्शन को लेकर श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बनता था। मंदिर में दर्शन के लिए हाईवे तक लंबी कतारें लगी रहीं, लेकिन भक्तों ने धैर्यपूर्वक प्रभु गणपति और श्रीहनुमान जी के दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित किया। इस अवसर पर अभिनव मौर्या, डॉ. सुशील गुप्ता, सुनील विकल, सिद्धार्थ गर्ग सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे।