9 महीने शादी के हो गए पर पति ने नहीं बनाया दांपत्य संबंध, आगरा में महिला ने पति पर दर्ज कराई एफआईआर

आगरा में एक 28 वर्षीय महिला ने अपने दिल्ली निवासी पति और ससुराल पक्ष पर शादी के 9 महीने बाद भी दांपत्य संबंध न बनाने, इलाज से इनकार, देवर द्वारा अश्लील हरकत, दहेज हड़पने और उत्पीड़न के आरोप लगाए हैं। महिला की शिकायत पर जगदीशपुरा थाने में एफआईआर दर्ज कर ली गई है और पुलिस जांच में जुटी है।

Feb 3, 2026 - 18:56
 0
9 महीने शादी के हो गए पर पति ने नहीं बनाया दांपत्य संबंध, आगरा में महिला ने पति पर दर्ज कराई एफआईआर
इमेज फोटो

पति का इलाज से इनकार, जेवर हड़पने और मानसिक उत्पीड़न का आरोप, जगदीशपुरा थाना क्षेत्र का मामला

आगरा। आगरा के जगदीशपुरा थाना क्षेत्र से एक गंभीर और चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां 28 वर्षीय महिला ने अपने दिल्ली निवासी पति और ससुराल पक्ष पर दांपत्य संबंध न बनाने, मानसिक व शारीरिक उत्पीड़न, दहेज हड़पने और देवर द्वारा अश्लील हरकतों के गंभीर आरोप लगाए हैं।

पीड़िता के अनुसार, उसकी शादी 29 अप्रैल 2025 को दिल्ली निवासी युवक से हुई थी। शादी के 9 महीने बीत जाने के बावजूद पति ने कभी भी शारीरिक संबंध नहीं बनाए। जब भी इस विषय पर बात होती, पति तबीयत खराब होने का बहाना बनाकर बात टाल देता।

हनीमून पर भी बना रहा बहाना

महिला ने बताया कि शादी के कुछ दिनों बाद दोनों हनीमून के लिए मनाली गए, लेकिन वहां भी पति ने शारीरिक संबंध नहीं बनाए। हर बार तबीयत खराब होने की बात कहकर टालता रहा। जब घर लौटने पर महिला ने डॉक्टर को दिखाने की बात कही, तो पति ने साफ इनकार कर दिया और उस पर चिल्लाने लगा। पीड़िता का कहना है कि उसने इस पूरी स्थिति की जानकारी अपने सास और ससुर को दी, लेकिन उन्होंने भी कोई ध्यान नहीं दिया।

“हमें पता है बेटा संबंध नहीं बना सकता”

महिला के आरोप के अनुसार, ससुराल वालों ने कहा कि हमें पता है कि बेटा संबंध नहीं बना सकता। हमारा छोटा बेटा अविवाहित है, उसी से वंश आगे बढ़ेगा। पीड़िता का कहना है कि इसके बाद एक दिन देवर गलत नीयत से उसके कमरे में आ गया और अश्लील हरकतें करने लगा। विरोध करने पर जब उसने पति और ससुराल वालों से शिकायत की, तो सभी ने देवर का पक्ष लिया और उस पर दबाव बनाया गया कि अगर उसने विरोध किया तो इसके गंभीर परिणाम भुगतने होंगे।

विरोध करने पर घर से निकाला

महिला का आरोप है कि जब उसने इस पूरे मामले का विरोध किया और अपनी सुरक्षा की मांग की, तो उसे घर से निकाल दिया गया। इसके बाद वह मायके आ गई और पुलिस की शरण ली।

50 लाख खर्च, जेवर और नकदी हड़पने का आरोप

पीड़िता ने अपनी शिकायत में बताया कि शादी में उसके परिवार ने करीब 50 लाख रुपये खर्च किए, जिसमें 25 लाख रुपये नकद, सोने-चांदी के आभूषण और घर-गृहस्थी का सामान शामिल था। आरोप है कि शादी के एक सप्ताह के भीतर साजिश के तहत उसके सभी आभूषण ले लिए गए। बाद में जब उसने जेवर वापस मांगे, तो टाल-मटोल की गई।

महिला ने बताया कि 2 जनवरी को बैंक से संदेश आया कि उसका लॉकर संचालित किया गया है, जबकि वह स्वयं वहां मौजूद नहीं थी। उसका आरोप है कि पति ने उसके जेवर और सामान अपने कब्जे में रखे हुए हैं और लौटाने से इनकार कर रहा है।

थाने में FIR, जांच में जुटी पुलिस

पीड़िता ने जगदीशपुरा थाने में पति, देवर और ससुराल पक्ष के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।