नौ साल की बालिका चौकी पहुंचकर बोली- मुझे बचा लो, मुझे पीटते हैं और धंधा कराते हैं

आगरा। थाना सदर बाजार पुलिस आज सुबह उस समय सकते में आ गई जब नौ साल की एक बालिका ने बताया कि उसकी पालक मां मारपीट कर उससे धंधा करा रहे हैं। इस बालिका ने अपने शरीर पर चोटों के निशान दिखाए तो पुलिसकर्मी भी सिहर उठे। आनन-फानन में पुलिस ने बालिका के बताए पते पर दबिश दी और कथित पालक मां और एक अन्य व्यक्ति को हिरासत में ले लिया।

Jun 23, 2025 - 12:39
 0
नौ साल की बालिका चौकी पहुंचकर बोली- मुझे बचा लो, मुझे पीटते हैं और धंधा कराते हैं
ये चोटें नौ साल की उस मासूम बालिका के शरीर की हैं, जो आज सुबह भागकर सदर थाने पहुंची थी।

-सदर बाजार क्षेत्र में सामने आया दिल दहलाने वाला मामला, पुलिस भी सिहर उठी

-दो साल पहले गोद लेने वाली कथित मां और एक अन्य हिरासत में, मुकदमा दर्ज

यह नौ वर्षीय दत्तक बालिका किसी तरह अपनी पालक मां और उसके साथ के लोगों को घर के एक कमरे में बंद कर वहां से निकल भागी और सीधे बुंदूकटरा पुलिस चौकी जां पहुंची। चौकी पर मौजूद पुलिसकर्मी बालिका की बात सुनकर सिहर उठे। मामला थाना सदर तक पहुंचा। सदर पुलिस ने बालिका पर अत्याचार की कहानी सुनी तो तत्काल उस जगह दबिश दी, जहां से बालिका भागकर आई थी। बालिका ने बताया कि पालक माता गीता, अमित और छुट्टन नामक युवक उसे बुरी तरह पीटते थे और उस पर गलत कामों के लिए दबाव बनाते थे।

इस संबंध में एसीपी सदर हेमंत कुमार ने बताया कि बालिका की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। एसीपी सदर हेमंत कुमार ने बताया कि मामला बेहद संवेदनशील और मार्मिक है। बच्ची के बयान पर गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि गीता नामक महिला और मानिक चंद ने इस बालिका को दो साल पहले गोद लिया था।

डरी-सहमी बच्ची का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें वह अपने शरीर पर चोटों के निशान दिखाते हुए कह रही है- प्लीज मुझे बचा लोग। गीता और अन्य लोग बहुत मारते हैं...जबरन धंधा कराते हैं... विरोध करती हूं तो बुरी तरह पीटते हैं। वीडियों में बालिका ने गीता के अलावा अमित और छुट्टन के नाम भी लिए हैं।

बच्ची की शिकायत पर पुलिस ने धारा 323 (मारपीट), 342 (गलत तरीके से बंधक बनाना), 506 (धमकी देना) समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। बाल संरक्षण आयोग व अन्य एजेंसियों को भी घटना के बारे मं सूचना दे दी गई है।

फिलहाल बच्ची को सुरक्षा में लेकर मेडिकल परीक्षण कराया गया है और आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।

SP_Singh AURGURU Editor