आगरा में इंद्रध्वज विधान का नवां दिन पूर्ण, कल होगा पिच्छी परिवर्तन और 458 दीपों से मंगल आरती

आगरा के हरीपर्वत स्थित एम.डी. जैन इंटर कॉलेज मैदान में चल रहे श्री इंद्रध्वज महामंडल विधान का आयोजन अध्यात्म, भक्ति और दिव्यता का अद्भुत संगम बन गया है। आचार्यश्री चैत्य सागर जी महाराज ससंघ के मंगल सानिध्य में नौवें दिन संपन्न हुई मांगलिक क्रियाओं के साथ भक्तों ने विश्वशांति और कल्याण की भावना से प्रभु का अभिषेक कर श्रद्धा अर्पित की। अब सभी की निगाहें 2 नवम्बर को होने वाले भव्य पिच्छी परिवर्तन समारोह और 458 द्वीपो से मंगल आरती पर टिकी हैं।

Nov 1, 2025 - 20:28
 0
आगरा में इंद्रध्वज विधान का नवां दिन पूर्ण, कल होगा पिच्छी परिवर्तन और 458 दीपों से मंगल आरती
हरीपर्वत स्थित एम.डी. जैन इंटर कॉलेज मैदान में चल रहे श्री इंद्रध्वज विधान में भक्तिभाव में डूबे श्रद्धालु।

आगरा। स्व. स्वरूपचंद जैन मारसंस की पावन स्मृति में मारसंस परिवार द्वारा आयोजित अष्टानिका महापर्व के पावन अवसर पर चल रहा श्री इंद्रध्वज महामंडल विधान भक्तिभाव से ओतप्रोत वातावरण में निरंतर जारी है। यह आयोजन 24 अक्टूबर से एम.डी. जैन इंटर कॉलेज ग्राउंड, हरीपर्वत पर आचार्यश्री चैत्य सागर जी महाराज ससंघ के मंगल सानिध्य में भव्यता के साथ संपन्न हो रहा है।

विधान के नौवें दिन आज प्रातःकाल भक्तों ने पंचामृत से प्रभु का अभिषेक कर अर्घ्य अर्पित किया। विधानाचार्य डॉ. आनंदप्रकाश जैन शास्त्री के निर्देशन में श्रद्धालुओं ने 458 जिन प्रतिमाओं से अलंकृत पंचमेरू और नन्दीश्वर द्वीप की दिव्य रचना के समक्ष विश्वशांति और कल्याण की भावना व्यक्त की।

सांयकालीन भक्ति संध्या में भजनों की मधुर स्वर लहरियों ने वातावरण को और भी पवित्र बना दिया। दीपों की झिलमिलाहट और मंगल आरती के दृश्य ने पूरे परिसर को दिव्यता से आलोकित कर दिया।

मीडिया प्रभारी शुभम जैन ने बताया कि विधान के अन्तर्गत 2 नवम्बर (रविवार) को सुबह 9 बजे से आचार्यश्री चैत्य सागर जी महाराज ससंघ का भव्य पिच्छी परिवर्तन समारोह होगा, जबकि शाम 7 बजे से 458 द्वीपो से मंगल आरती का आयोजन किया जाएगा। इस पवित्र अवसर पर आचार्यश्री के पिच्छी परिवर्तन के साक्षी बनने के लिए आगरा नगर सहित आसपास के क्षेत्रों से श्रद्धालुओं के बड़ी संख्या में पहुंचने की संभावना है।

कार्यक्रम में बिमलेश कुमार जैन, उषा जैन, नितिन जैन, मेघना जैन, नीतू जैन, संजय जैन, नीलू जैन, कमल ठोलिया, शुभी जैन, अंजू जैन, राजेंद्र जैन, अशोक जैन, हुकम जैन, शुभम जैन सहित समस्त जैन समाज के लोग बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

SP_Singh AURGURU Editor