नवरात्रि की नवमी पर आगरा में उमड़ा श्रद्धा का सागर, घर-घर हुआ कन्या पूजन और मंदिरों में भक्तों की भारी भीड़
आगरा। शारदीय नवरात्र के अंतिम दिन नवमी पर शहर का वातावरण भक्ति और उत्साह से सराबोर है। आज सुबह से ही घर-घर कन्या पूजन और हवन की धूम है। श्रद्धालुओं ने माता की नवमी तिथि पर कन्याओं को घर बुलाकर पूजन, भोजन और उपहार प्रदान किए।

परंपरा के अनुसार छोटी बच्चियों को ‘मां दुर्गा’ का स्वरूप मानकर उन्हें पूजित किया गया। जगह-जगह श्रद्धालुओं ने कन्या भोज का आयोजन किया है, जिसमें सैकड़ों कन्याओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
शहर के प्राचीन मंदिरों में सुबह से ही पूजा अर्चना के लिए भक्तों की लंबी कतारें लगी रहीं। नवमी तिथि पर विशेष पूजन-अर्चन, दुर्गा सप्तशती पाठ और भव्य आरती का आयोजन किया गया। देर शाम तक मंदिरों में भक्तों का तांता लगा रहा।
नवमी पर्व पर श्रद्धालुओं ने माता से परिवार की सुख-समृद्धि और देश की तरक्की की कामना की। शहर की कॉलोनियों और मोहल्लों में कन्या पूजन और भंडारे का माहौल देखने को मिला। भक्तों के उत्साह ने पूरे आगरा को धार्मिक रंग में रंग दिया। आज माता रानी प्रतिमा को विसर्जन के लिए धूमधाम से ले जाया जा रहा है। इसके चलते सड़कों पर जाम के हालात हैं।