रिकॉर्ड 10वीं बार नीतीश कुमार ने संभाली बिहार की कमान, एनडीए की कैबिनेट ने गांधी मैदान में ली शपथ

पटना। बिहार की राजनीति गुरुवार को एक ऐतिहासिक क्षण का साक्षी बनी, जब जनता दल (यूनाइटेड) नेता नीतीश कुमार ने रिकॉर्ड 10वीं बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। पटना के प्रतिष्ठित गांधी मैदान में आयोजित भव्य समारोह में विशाल जनसमूह, राजनीतिक दिग्गजों की मौजूदगी और एनडीए की एकजुटता का अनोखा नज़ारा दिखाई दिया। राज्यपाल मोहम्मद आरिफ खान ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई।

Nov 20, 2025 - 16:00
 0
रिकॉर्ड 10वीं बार नीतीश कुमार ने संभाली बिहार की कमान, एनडीए की कैबिनेट ने गांधी मैदान में ली शपथ
बिहार के मुख्यमंत्री की शपथ लेते नितीश कुमार, साथ में दोनों उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा शपथ लेते हुए ।

पीएम मोदी, शाह और कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों की उपस्थिति में शक्ति–प्रदर्शन
26 मंत्रियों के साथ शुरू हुआ नया राजनीतिक अध्याय

पटना। बिहार की राजनीति  गुरुवार को एक ऐतिहासिक क्षण का साक्षी बनी, जब जनता दल (यूनाइटेड) नेता नीतीश कुमार ने रिकॉर्ड 10वीं बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। पटना के प्रतिष्ठित गांधी मैदान में आयोजित भव्य समारोह में विशाल जनसमूह, राजनीतिक दिग्गजों की मौजूदगी और एनडीए की एकजुटता का अनोखा नज़ारा दिखाई दिया। राज्यपाल मोहम्मद आरिफ खान ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई।

नीतीश के साथ ही नई एनडीए सरकार के 26 मंत्रियों ने मंत्री पद की शपथ ली, जिनमें बीजेपी के 14, जदयू के 8, तथा सहयोगी दलों के प्रतिनिधि शामिल रहे। शपथ लेने वालों में एक मुस्लिम मंत्री, तीन महिला मंत्री और पहली बार विधायक बने तीन चेहरे भी शामिल हैं।

गांधी मैदान में सत्ता का शक्ति–प्रदर्शन, मंच पर जुटे दिग्गज

शपथ ग्रहण समारोह में केंद्र और राज्यों की शीर्ष नेतृत्व की उपस्थिति ने इसे एक बड़ा राजनीतिक संदेश बना दिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, कई केंद्रीय मंत्री और बीजेपी–शासित राज्यों के मुख्यमंत्री मंच पर उपस्थित रहे। उत्तर प्रदेश के योगी आदित्यनाथ, मध्य प्रदेश के मोहन यादव, राजस्थान के भजनलाल शर्मा, गुजरात के भूपेंद्र पटेल सहित कई बड़े नेता नीतीश के इस ऐतिहासिक क्षण के साक्षी बने। पूरे गांधी मैदान में “बिहार में फिर एक बार – नीतीश कुमार” के नारे गूंजते रहे। मैदान को सजाया–संवारा गया और हजारों कार्यकर्ता–समर्थक उत्साह से भरे दिखाई दिए।

एनडीए की मजबूत कैबिनेट: 26 मंत्रियों का संतुलित समीकरण

बीजेपी की ओर से सम्राट चौधरी (उपमुख्यमंत्री), विजय कुमार सिन्हा (उपमुख्यमंत्री), मंगल पांडेय, डॉ. दिलीप जायसवाल, नितिन नवीन, रामकृपाल यादव, संजय सिंह, अरुण शंकर प्रसाद, सुरेंद्र मेहता, नारायण प्रसाद, रमा निषाद, लखेंद्र पासवान, श्रेयसी सिंह, डॉ. प्रमोद कुमार चंद्रवंशी ने कैबिनेट की शपथ ली। 

जेडीयू कोटे से विजय कुमार चौधरी, श्रवण कुमार, विजेंद्र यादव, अशोक चौधरी, लेसी सिंह, मोहम्मद जमा खान, मदन सहनी, डॉ. प्रमोद कुमार ने शपथ ली, जबकि एलजेपी (पास) से संजय कुमार (पासवान), संजय सिंह, हम से संतोष कुमार सुमन और आरएलएसपी से दीपक प्रकाश ने पद और गोपनीयता की शपथ ली। 

नीतीश का राजनीतिक सफर नई ऊंचाई पर

नीतीश कुमार ने पहली बार नवंबर 2005 में मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। इसके बाद उन्होंने 2010, 2015 (दो बार), 2017, 2020, 2022 (दो बार), 2024 में शपथ लेकर अपनी राजनीतिक पकड़ साबित की है। अब 10वीं बार मुख्यमंत्री बनकर वे बिहार के इतिहास में सबसे लंबे समय तक नेतृत्व देने वाले राजनेताओं में शामिल हो चुके हैं।

एनडीए की प्रचंड जीत के बाद नई सरकार

हाल ही में संपन्न बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए ने 202 सीटों के साथ शानदार जीत दर्ज की। महागठबंधन मात्र 35 सीटों तक सिमट गया। इस चुनावी परिणाम ने स्पष्ट संकेत दिया कि बिहार की राजनीति में अभी भी एनडीए–जेडीयू गठबंधन की पकड़ मजबूत है। यह शपथ ग्रहण सिर्फ सरकार का गठन नहीं, बल्कि बिहार की राजनीति में सत्ता समीकरणों के नए दौर की शुरुआत माना जा रहा है।