ABC/APAAR आईडी लिंक नहीं तो रिजल्ट नहीं: आगरा कॉलेज के छात्रों को प्राचार्य की सख्त चेतावनी

डॉ. भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय, आगरा के सख्त निर्देशों के क्रम में आगरा कॉलेज, आगरा प्रशासन ने स्नातक एवं परास्नातक के छात्र-छात्राओं के लिए बड़ा और अनिवार्य आदेश जारी किया है। प्राचार्य प्रोफेसर सी. के. गौतम ने स्पष्ट शब्दों में चेताया है कि समर्थ (Samarth) पोर्टल पर ABC/APAAR आईडी लिंक न करने वाले विद्यार्थियों का परीक्षा परिणाम विश्वविद्यालय द्वारा घोषित नहीं किया जाएगा।

Jan 14, 2026 - 18:38
 0
ABC/APAAR आईडी लिंक नहीं तो रिजल्ट नहीं: आगरा कॉलेज के छात्रों को प्राचार्य की सख्त चेतावनी

आगरा। आगरा कॉलेज, आगरा के प्राचार्य प्रोफेसर सी. के. गौतम ने विश्वविद्यालय द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का हवाला देते हुए समस्त स्नातक एवं परास्नातक कक्षाओं के छात्र-छात्राओं को तत्काल अपनी ABC/APAAR आईडी समर्थ (Samarth) पोर्टल पर लिंक करने के निर्देश दिए हैं।

प्राचार्य ने दो टूक शब्दों में कहा कि डॉ. भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय, आगरा के आदेशानुसार जिन छात्र-छात्राओं की ABC/APAAR आईडी समर्थ पोर्टल पर लिंक नहीं होगी, उनका परीक्षा परिणाम विश्वविद्यालय स्तर से रोका जा सकता है। इस स्थिति में किसी भी प्रकार की जिम्मेदारी कॉलेज या विश्वविद्यालय की नहीं होगी, बल्कि समस्त उत्तरदायित्व स्वयं संबंधित छात्र-छात्राओं का होगा।

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यह व्यवस्था राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अंतर्गत विद्यार्थियों के अकादमिक रिकॉर्ड को डिजिटल रूप से सुरक्षित और प्रमाणिक बनाने के उद्देश्य से लागू की गई है। ABC/APAAR आईडी के माध्यम से छात्रों की शैक्षणिक उपलब्धियां एकीकृत रूप में सुरक्षित रहेंगी, जिससे भविष्य में उच्च शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं एवं अन्य शैक्षणिक प्रक्रियाओं में सुविधा मिलेगी।

प्रोफेसर सी. के. गौतम ने छात्र-छात्राओं से अपील की है कि वे अंतिम समय का इंतजार न करें और किसी भी प्रकार की तकनीकी या प्रशासनिक असुविधा से बचने के लिए शीघ्र ही समर्थ पोर्टल पर लॉग-इन कर अपनी ABC/APAAR आईडी लिंक कर लें। कॉलेज प्रशासन की ओर से इस संबंध में आवश्यक मार्गदर्शन भी उपलब्ध कराया जा रहा है।

कॉलेज प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि विश्वविद्यालय के निर्देशों का पालन न करने की स्थिति में परिणाम घोषित न होने की समस्या उत्पन्न हो सकती है, जिसकी जिम्मेदारी पूर्णतः छात्र-छात्राओं की होगी।

Top of Form

Bottom of Form

SP_Singh AURGURU Editor