संजय प्लेस किशोरी रेप कांड की पीड़िता का अभी तक नहीं मिल पाया कोई सुराग, आरोपियों की पहचान

आगरा। हरीपर्वत थाना क्षेत्र के शहर के सबसे बड़े व्यावसायिक क्षेत्र संजय प्लेस में एक किशोरी के साथ दो युवकों द्वारा किए गये बलात्कार के मामले में पुलिस अभी तक पीड़िता की तलाश नहीं कर पाई है। इस घटना का वीडियो सामने आने के बाद से ही पुलिस पीड़िता की तलाश में जुटी हुई है। हालांकि आरोपियों की पहचान हो चुकी है, लेकिन पुलिस अभी इन पर इसलिए हाथ नहीं डाल रही क्योंकि मामले में ठोस कार्रवाई के लिए पीड़िता का सामने आना जरूरी है। 

Aug 19, 2025 - 22:17
 0
संजय प्लेस किशोरी रेप कांड की पीड़िता का अभी तक नहीं मिल पाया कोई सुराग, आरोपियों की पहचान

विगत दिवस इस घटना का वीडियो सामने आने के बाद डीसीपी सिटी सोनम कुमार ने स्वतः संज्ञान लेकर संजय प्लेस पुलिस चौकी को मामले की जांच के आदेश दिए थे। बताया गया है कि पुलिस ने वायरल वीडियो के आधार पर उसकी तलाश की मुहिम शुरू कर दी है। संजय प्लेस और आसपास के क्षेत्रों में पुलिस ने आज पूरे दिन पीड़िता की तलाश के लिए प्रयास किए, लेकिन कोई भी इसे न तो पहचान पाया और न ही पता बता पाया।

एक बात यह भी सामने आ रही है कि पीड़िता मानसिक रूप से कमजोर है और संजय प्लेस क्षेत्र में भीख मांगा करती थी, लेकिन वह कहां रहती है, यह कोई नहीं बता पा रहा।

जांच के दौरान पुलिस को यह भी जानकारी मिली है कि वीडियो वायरल करने वाले ने पहले आरोपियों से कुछ डिमांड की थी, लेकिन यह पूरी न होने पर वीडियो को वायरल कर दिया गया।

पुलिस का कहना है कि आरोपियों को तो पहचान लिया गया है, लेकिन उन पर हाथ डालने से पहले पीड़िता का बयान और मेडिकल होना जरूरी है। पीड़िता के सामने आते ही पुलिस आरोपियों पर शिकंजा कस देगी।

SP_Singh AURGURU Editor