नकली कैसेट बनाने के आरोपी के खिलाफ एक भी गवाही नहीं, बरी
आगरा। टी सीरीज कंपनी की नकली कैसेट बनाकर बेचने के आरोपी को सीजेएम अचल प्रताप सिंह ने बरी कर दिया। कॉपी राइट एक्ट के तहत आरोपित इस व्यक्ति के खिलाफ 25 साल के दौरान एक भी गवाह अदालत में हाजिर नहीँ हुआ था।
थाना न्यू आगरा में दर्ज मामले के अनुसार सुपर कैसेट इंडस्ट्रीज नोएडा के एरिया मैनेजर ने थाना न्यू आगरा पुलिस से 27 फरवरी 1999 को शिकायत कर बताया कि फ्रेंड्स विहार कॉलोनी, न्यू आगरा में उनकी कंपनी टी सीरीज की नकली कैसेट बनाकर विक्रय का अवैध धंधा किया जा रहा है।
तत्कालीन एसआई धर्मपाल सिंह ने मय अधीनस्थ मौके पर छापा मारकर आरोपी कृष्ण मुरारी पुत्र स्व, देवी सिंह चौहान निवासी फ्रेंड्स विहार कॉलोनी थाना न्यू आगरा को हिरासत में लिया और वहां से कई पिक्चर्स की नकली कैसेट, सीडी, रिकॉर्डिंग मशीन, टी सीरीज के रैपर और हजारों खाली कैसेट भी बरामद किए।
आरोपी के विरुद्ध कॉपी राइट एक्ट के तहत कार्यवाही की गी थी। 25 वर्ष के दौरान अभियोजन पक्ष द्वारा एक भी गवाह अदालत में पेश करने में विफल रहने पर सीजेएम अचल प्रताप सिंह ने साक्ष्य के पूर्णतया अभाव और आरोपी के अधिवक्ता नवकांत सिंह सेंगर के तर्क पर आरोपी को बरी करने का आदेश दिया।