मोदी का खौफ अब भारत में नहीं रहा- राहुल गांधी

वर्जीनिया। तीन दिवसीय यात्रा पर अमेरिका पहुंचे कांग्रेस नेता राहुल गांधी आज वर्जीनिया में हैं। वह एक बार फिर पीएम नरेंद्र मोदी और आरएसएस पर हमलावर हैं। उन्होंने कहा कि इस साल के लोकसभा चुनाव से पहले पीएम मोदी को लेकर जो डर आम लोगों में था, वह अब खत्म हो गया है। आज वह यहां के हेरंडन में भारतीय समुदाय के लोगों के बीच थे। उन्होंने कहा कि मोदी जी का 56 इंच का सीना, भगवान से सीधा संपर्क, अब इतिहास का विषय है।

Sep 10, 2024 - 11:17
 0
मोदी का खौफ अब भारत में नहीं रहा- राहुल गांधी

राहुल गांधी ने कहा कि आम चुनावों के बाद भारत में बदलाव आया है। राहुल गांधी ने कहा कि बीजेपी और पीएम ने मीडिया और एजेंसियों के दबाव से लोगों में बहुत डर पैदा कर दिया था। चुनाव परिणाम के बाद यह डर पल भर में गायब हो गया। इस डर को फैलाने में उन्हें बरसों लग गए, बहुत प्लानिंग और पैसा लगाया, लेकिन इसे खत्म होने में बस एक पल लगा।

आरएसएस पर हमला बोलते हुए कांग्रेस सांसद ने संघ पर कुछ राज्यों को दूसरों से कमतर बताने के लिए निशाना साधा। उन्होंने कहा कि आरएसएस ऐसा इसलिए कहता है क्योंकि वे भारत को नहीं समझते हैं।

राहुल गांधी ने कहा कि भारत भाषाओं, परंपराओं, धर्म का एक संघ है। जब भारतीय लोग अपने धार्मिक स्थानों पर जाते हैं, तो वे अपने देवता के साथ विलीन हो जाते हैं। यह भारत की प्रकृति है। बीजेपी और आरएसएस की गलतफहमी यह है कि वे सोचते हैं कि भारत अलग-अलग चीजों का पूरा समूह है। मैं नरेंद्र मोदी से नफरत नहीं करता। मैं उनके दृष्टिकोण से सहमत नहीं हूं लेकिन मैं उनसे नफरत भी नहीं करता, कई क्षणों में मैं उनके प्रति सहानुभूति रखता हूं।