यूपी में अब 7 और 9 मीटर की सड़क पर भी लगेंगे उद्योग, एफएआर और ग्राउंड कवरेज नियमों में बड़ा बदलाव
आगरा। उत्तर प्रदेश सरकार ने प्रदेश में उद्योगों के विस्तार और उद्यमियों की सहूलियत के लिए एक ऐतिहासिक कदम उठाते हुए मॉडल भवन निर्माण एवं विकास उपविधि और मॉडल जोनिंग रेगुलेशन 2025 में अहम बदलाव किए हैं। इस नई नीति के लागू होने से अब 7 मीटर और 9 मीटर चौड़ी सड़कों पर भी औद्योगिक इकाइयों की स्थापना संभव हो सकेगी, जो पहले केवल 12 मीटर की सड़कों पर ही अनुमन्य थी।
-नई नीति से यूपी में औद्योगिक विकास को मिलेगी रफ्तार- राकेश गर्ग
उत्तर प्रदेश लघु उद्योग निगम लिमिटेड के अध्यक्ष राकेश गर्ग ने सर्किट हाउस में आयोजित बैठक में विभिन्न औद्योगिक संगठनों और व्यापार मंडलों के प्रतिनिधियों को इन संशोधनों की जानकारी देते हुए बताया कि यह निर्णय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की दूरदर्शिता और उद्योगोन्मुखी सोच का परिणाम है। उन्होंने कहा कि औद्योगिक भूमि की उपलब्धता लंबे समय से एक बड़ी बाधा रही है, जिसे अब सरल और सुगम बनाया गया है।
मुख्यमंत्री से की थी विशेष भेंट
राकेश गर्ग ने बताया कि उन्होंने हाल ही में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भेंट कर प्रदेश के उद्यमियों की समस्याएं और औद्योगिक भूमि उपलब्धता में आ रही दिक्कतों को विस्तार से रखा था। मुख्यमंत्री ने मामले की गंभीरता को समझते हुए अविलंब मॉडल उपविधियों और जोनिंग नियमों में परिवर्तन का निर्णय लिया, जिससे राज्य को 1 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने के लक्ष्य में तेज़ी लाई जा सके।
क्या बदला नई नीति में?
-7 व 9 मीटर चौड़ी सड़क पर औद्योगिक इकाइयों की स्थापना संभव।
-एफएआर (फ्लोर एरिया रेशियो) – कृषि भूमि के लिए 1.5 और औद्योगिक भूमि के लिए 3.0 कर दिया गया।
-ग्राउंड कवरेज – पहले 10% था, अब सेटबैक छोड़कर पूरी शेष भूमि पर निर्माण की अनुमति।
-कृषि भू-उपयोग भूमि पर भी उद्योगों की स्थापना संभव – अब कृषि उपयोग की भूमि को भी औद्योगिक विकास के लिए अनुमोदन मिल सकेगा।
ग्रामीण युवाओं को मिलेगा लाभ
राकेश गर्ग ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में उद्योगों की स्थापना से स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर पैदा होंगे, जिससे गांवों से शहरों की ओर पलायन पर रोक लगेगी। यह कदम राज्य के संतुलित और समावेशी विकास की दिशा में एक मजबूत पहल है।
लघु उद्योग भारती सहित अनेक औद्योगिक संगठनों ने भूमि और भवन नियमों में परिवर्तन के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और निगम अध्यक्ष राकेश गर्ग का आभार जताया।
ये उद्योग प्रतिनिधि मौजूद रहे
इस अवसर पर आगरा विकास प्राधिकरण, जिला उद्योग केंद्र, नेशनल चैंबर, लघु उद्योग भारती, वेडिंग इंडस्ट्री एसोसिएशन, शू सोल संघ हींग की मंडी, आगरा टूरिज्म वेलफेयर एसोसिएशन, ब्रश एंड क्लीनिंग प्रोडक्ट एसोसिएशन, हैंडिक्राफ्ट एक्सपोर्टर एसोसिएशन, टूरिस्ट चैंबर, फूड प्रोसेसिंग इंडस्ट्री एसोसिएशन, रोमसंस ग्रुप सहित कई संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।