‘मुस्कान’ से भरी पोषण पोटली: 66 दृष्टिहीनों को मिला सम्मान और सहयोग
आगरा। ज़रूरतमंद दृष्टिहीनों के आत्मसम्मान को ठेस न पहुंचे, इसी भाव के साथ मुस्कान फेमिली की ओर से सोमवार को सुराना भवन, न्यू राजामंडी पर 66 दृष्टिहीनों को पोषण पोटली प्रदान की गई। यह सेवा न केवल खाद्य सुरक्षा का माध्यम बनी, बल्कि मानवीय गरिमा की मिसाल भी बनी।
-सुराना भवन पर हुआ निःशुल्क वितरण, हर माह 8 तारीख को जारी रहेगी सेवा
एक महीने की जरूरतें, सम्मान के साथ
इस पोषण पोटली में एक महीने के लिए आवश्यक दालें, चावल, बेसन, चीनी, तेल और बिस्कुट जैसे खाद्य पदार्थ शामिल थे। इसके अलावा सभी लाभार्थियों को आने-जाने के लिए 50 रुपये की नगद सहायता भी दी गई।
सेवा नहीं, सम्मान का प्रयास
मुस्कान परिवार की सदस्याओं ने बताया कि इस सेवा की शुरूआत दृष्टिहीनों के आत्मसम्मान को ध्यान में रखते हुए की गई है। उनका उद्देश्य है कि परिवार और समाज ऐसे लोगों को बोझ नहीं, अपना मानें। यह सेवा सिर्फ राहत नहीं, रिश्तों का संबल है।
हर माह आठ तारीख को मिलता है सहारा
सेवा संचालिका श्रीमती रश्मि मगन ने जानकारी दी कि यह वितरण हर माह की आठ तारीख को सुबह 9 बजे सुराना भवन, राजामंडी पर किया जाता है। यदि किसी को इस सेवा की जानकारी देनी हो, तो मोबाइल नंबर 9837077699 पर संपर्क किया जा सकता है।