दिल्ली ब्लास्ट से पहले उमर ने बनाया था वीडियो, कहा - सुसाइड हमला शहादत का आपरेशन है

दिल्ली ब्लास्ट को अंजाम देने वाले संदिग्ध डॉ. उमर का नया वीडियो सामने आया है जिसमें वह सुसाइड बॉम्बिंग की वकालत करते हुए नजर आ रहा है। वीडियो में वह यह कहता हुआ नजर आ रहा है कि यह शहादत का ऑपरेशन है।

Nov 18, 2025 - 11:38
 0
दिल्ली ब्लास्ट से पहले उमर ने बनाया था वीडियो, कहा - सुसाइड हमला शहादत का आपरेशन है

नई दिल्ली। दिल्ली धमाके में संदिग्ध सुसाइड बॉम्बर डॉ. उमर का एक डराने वाला वीडियो सामने आया है। वीडियो में डॉ. उमर-उन-नबी को यह कहते हुए सुना जा सकता है कि सुसाइड बॉम्बिंग को लोग गलत समझते हैं। इंग्लिश में बोलते हुए वह दावा कर रहा है कि जिसे सुसाइड बॉम्बिंग कहा जाता है, वह असल में 'शहादत का ऑपरेशन' है। वीडियो से पता चलता है कि एक आत्मघाती हमलावर किस सोच के साथ काम कर रहा था। 

जांच अधिकारियों का मानना है कि 10 नवंबर को हुआ धमाका गलती से हुआ था। डॉ. उमर बाद में एक बड़ा आत्मघाती हमला करने की योजना बना रहा था। वीडियो में डॉ. उमर बता रहा है कि जिसे लोग सुसाइड बॉम्बिंग कहते हैं, इस्लाम में उसे 'शहादत का ऑपरेशन' कहते हैं। उमर का कहना है कि इस पर कई तरह की बहस और विरोध हैं। वह बताता है कि शहादत का ऑपरेशन वह होता है जब कोई व्यक्ति निश्चित समय और जगह पर मरने के इरादे से जाता है, यानी अपनी स्वाभाविक मृत्यु के विपरीत जाकर जान देने की तैयारी करता है।

उमर वीडियो में कहता है, इस (सुसाइड बॉम्बिंग) के खिलाफ कई तरह की दलीलें और विरोध किए जाते हैं। शहादत का ऑपरेशन यह है कि कोई आदमी तय कर ले कि वह एक खास जगह और खास समय पर मरने जा रहा है। वह इस धारणा के खिलाफ जाता है कि किसी की मौत कैसे और कब होगी। वह एक खास स्थिति में मरने के लिए जाता है।' फिर वह कहता है कि, हमारे मामले में ऐसी स्थिति नहीं है।

जांचकर्ताओं का दावा है कि उमर ने यह वीडियो लोगों का ब्रेनवॉश करने के लिए बनाया था। 10 नवंबर का धमाका लाल किले के पास एक व्यस्त सड़क पर हुआ था। इसमें अब तक 15 लोगों की मौत हो चुकी है। यह मॉड्यूल पाकिस्तान स्थित आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद से जुड़ा हुआ बताया जा रहा है। इसमें 9–10 लोग शामिल थे, जिनमें से 5–6 डॉक्टर थे। ये लोग अल-फलाह यूनिवर्सिटी से जुड़े थे और अपनी मेडिकल पहचान का इस्तेमाल करके विस्फोटक बनाने वाले रसायन और सामग्री जुटाते थे।