एक तिरंगा और तीन हजार दिनः आगरा की अजीतनगर बाजार कमेटी ने रचा इतिहास, देशभक्ति का अद्भुत कीर्तिमान
आगरा। देशभक्ति के जज्बे की मिसाल पेश करते हुए आगरा के अजीतनगर बाजार कमेटी ने इतिहास रच दिया है। 26 जनवरी 2018 से शुरू हुआ तिरंगा चौक पर निरंतर ध्वजारोहण का सिलसिला बुधवार, 15 अप्रैल 2026 को 3000वें दिन भी पूरे गौरव और शान के साथ जारी रहा। तमाम चुनौतियों और बाधाओं के बावजूद यह परंपरा आज एक प्रेरणादायक आंदोलन बन चुकी है, जिसने देश-विदेश में अपनी अलग पहचान बनाई है।
इस ऐतिहासिक उपलब्धि के केंद्र में राजेश यादव का अद्वितीय समर्पण है। उनकी देशभक्ति का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि उन्होंने अपनी माताजी की अंतिम यात्रा से पहले तिरंगे को सलामी देना जरूरी समझा। यह त्याग और राष्ट्रप्रेम आज अजीतनगर की पहचान बन चुका है।
3000वें दिन भी गूंजा राष्ट्रगान, लहराया तिरंगा
बुधवार को 3000वें दिन बाजार कमेटी के पदाधिकारियों और स्थानीय नागरिकों ने सामूहिक रूप से ध्वजारोहण किया। इस दौरान तिरंगा चौक देशभक्ति के रंग में पूरी तरह सराबोर नजर आया। सभी सदस्यों ने स्वच्छता, विकास और सामाजिक एकता बनाए रखने का संकल्प दोहराया।
सम्मान, गीत और संकल्प का संगम
कार्यक्रम में देशभक्ति गीतों की प्रस्तुति, स्वागत भाषण और सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कई वरिष्ठ नागरिकों और सक्रिय सदस्यों को उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया। आयोजन ने न सिर्फ अतीत की उपलब्धियों को याद किया, बल्कि भविष्य के संकल्पों को भी मजबूत किया।
150 से अधिक पुरस्कारों से नवाजा गया तिरंगा चौक
अजीतनगर बाजार कमेटी के इस अनूठे प्रयास को राष्ट्रीय ही नहीं, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी सराहा गया है। कमेटी को नेल्सन मंडेला अवार्ड, भारत गौरव सम्मान सहित 8 अंतरराष्ट्रीय और 5 राष्ट्रीय पुरस्कार मिल चुके हैं। कुल मिलाकर करीब 150 से अधिक सम्मान इस यात्रा की उपलब्धियों में शामिल हैं।
देश-विदेश की हस्तियां दे चुकी हैं सलामी
इस ध्वजारोहण समारोह की ख्याति इतनी बढ़ चुकी है कि देश के बड़े शहरों जैसे मुंबई और दिल्ली में भी कमेटी को सम्मानित किया जा चुका है।
ओलंपियन जगबीर सिंह, अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर दीप्ती शर्मा, पूनम यादव, दिग्गज क्रिकेटर विश्वनाथ सहित कई खेल और फिल्मी हस्तियां यहां आकर तिरंगे को सलामी दे चुकी हैं।
जनप्रतिनिधियों की भी रही भागीदारी
कार्यक्रम और इस अभियान को कई जनप्रतिनिधियों का भी समर्थन मिला है, जिनमें आगरा की केंद्रीय मंत्री एस पी सिंह बघेल, सांसद राजकुमार चाहर, नवीन जैन, रामजीलाल सुमन, कैबिनेट मंत्री बेबी रानी मौर्य, महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाहा, विधायक जी एस धर्मेश, बाबूलाल, भगवान सिंह कुशवाह और एमएलसी विजय शिवहरे प्रमुख हैं।
भविष्य के लिए भी मजबूत संकल्प
कमेटी पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि तिरंगा चौक को और अधिक विकसित, सुव्यवस्थित और प्रेरणादायक केंद्र बनाने के लिए यह अभियान निरंतर जारी रहेगा। अंत में सभी उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त करते हुए राष्ट्रहित में कार्य करने का संदेश दिया गया।