25 लाख की ऑनलाइन ठगी का पर्दाफाश: साइबर पुलिस ने 'रोबोट ट्रैप' चलाने वाले शातिर को दबोचा

आगरा। साइबर अपराध की दुनिया में 'रोबोटिक जाल' बुनकर लोगों को फंसाने वाले एक ठग को आगरा साइबर क्राइम थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी दुर्गेश सिंह तोमर ग्वालियर का रहने वाला है और अब तक करीब 25 लाख रुपये की ठगी को अंजाम दे चुका है। पुलिस ने इसके पास से 1.42 लाख रुपये नगद और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

May 21, 2025 - 13:05
 0
25 लाख की ऑनलाइन ठगी का पर्दाफाश: साइबर पुलिस ने 'रोबोट ट्रैप' चलाने वाले शातिर को दबोचा

थाना साइबर क्राइम के अधिकारियों के अनुसार, आरोपी दुर्गेश 'रोबोट टेक्नीक' का इस्तेमाल कर लोगों को शिकार बनाता था। यह पहले फर्जी महिला प्रोफाइल बनाकर सोशल मीडिया पर लोगों से दोस्ती करता, फिर न्यूड तस्वीरों के जरिए ब्लैकमेलिंग करता था। इसके बाद टेलीग्राम पर बनाए गए ग्रुप्स के ज़रिए एक ही मैसेज सैकड़ों लोगों को भेजकर उन्हें 'हाई रिटर्न इन्वेस्टमेंट स्कीम' में फंसाता था।

धोखाधड़ी के इस सिलसिले में वह लोगों को मोटे मुनाफे का लालच देता था, जिसके झांसे में आकर कई लोग अपने खाते से रकम ट्रांसफर कर देते थे। पुलिस जांच में सामने आया है कि वह 15 से 20 लोगों को अब तक चूना लगा चुका है।

अब साइबर सेल की टीम दुर्गेश से पूछताछ कर रही है और यह जानने की कोशिश कर रही है कि कहीं उसके पीछे कोई बड़ा नेटवर्क तो नहीं काम कर रहा। पुलिस को आशंका है कि इस ठगी रैकेट में और लोग भी शामिल हो सकते हैं।

SP_Singh AURGURU Editor